राजस्थान: पीएम मोदी, अमित शाह, योगी, राजनाथ, हेमंत बिस्वा सहित अन्य स्टार प्रचारक करेंगे प्रचार, जानिए कब, कौन, कहां रहेगा?
एनसीआई@जयपुर
विधानसभा चुनावों के लिए बीजेपी का प्रचार अभियान अपने परवान पर पहुंचता जा रहा है। बाकी बचे दिनों में प्रदेश बीजेपी के नेताओं के अलावा पीएम मोदी, केन्द्रीय मंत्री और अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री राजस्थान में चुनाव प्रचार करते नजर आएंगे।
अगले 10 दिन के लिए बीजेपी ने राजस्थान में चुनाव प्रचार के लिए मेगा प्लान तैयार किया है। यह चुनाव प्रचार का दौर थमने तक जारी रहेगा। इसकी शुरुआत कल बुधवार को जयपुर से होगी। केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जयपुर में किशनपोल और आदर्श नगर में बीजेपी प्रत्याशी के समर्थन में कार्यकर्ता सम्मेलन को सम्बोधित करेंगी। इस दौरान वे प्रबुद्धजनों व व्यापारियों से भी संवाद करेंगी।
बीजेपी ने प्रदेश की जिन विधानसभा सीटों पर नए चेहरे उतारे हैं, उन सभी सीटों पर खासतौर पर अगले 10 दिन तक बीजेपी का फोकस रहने वाला है। वहीं, जिन सीटों पर बीजेपी पिछला विधानसभा चुनाव हार गई थी, उन सीटों पर भी बाहर के नेता आकर बीजेपी प्रत्याशी के लिए प्रचार करेंगे।
उत्तर प्रदेश के सीएम आदित्यनाथ 5 दिन संभालेंगे मोर्चा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री व बीजेपी का कट्टर हिन्दू चेहरा योगी आदित्यनाथ चुनावों के दौरान 5 दिन राजस्थान में मोर्चा संभालेंगे। योगी की कोटा के पीपल्दा, बूंदी के केशवरायपाटन, अजमेर के केकड़ी और पुष्कर में सभाएं प्रस्तावित हैं।
पीपल्दा में बीजेपी ने नया चेहरा मैदान में उतारा है। वहीं केकड़ी में बीजेपी पिछला चुनाव हार गई थी। पुष्कर सीट पर कांग्रेस ने नसीम अख्तर इंसाफ को चुनाव मैदान में उतारा है। ऐसे में इन सीटों पर प्रचार के लिए बीजेपी ने योगी आदित्यनाथ को जिम्मेदारी दी है।
यूपी के सीएम आदित्यनाथ योगी 16 नवम्बर को राजस्थान के चुनावी दौरे पर आएंगे। उनका यहां पर कोटा, पीपल्दा, केशोरायपाटन, केकडी, मेडता, पुष्कर, जयपुर हेलीकॉप्टर से जाने का कार्यक्रम तय किया गया है।योगी भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी जनसभा को सम्बोधित करेंगे।
सीएम योगी के अब तक तय कार्यक्रम के अनुसार 16 नवम्बर को सुबह साढ़े दस बजे कोटा एयरपोर्ट पर उतरेंगे। इसके बाद हेलिकॉप्टर से 11 बजे पीपल्दा, दोपहर 12 बजकर दस मिनिट पर बूंदी के केशवरायपाटन, दोपहर सवा बजे अजमेर जिले के केकड़ी, ढाई बजे नागौर जिले के मेड़ता सिटी और 3 बजकर 10 बजे पुष्कर के मेला मैदान पर आएंगे। योगी पौने पांच बजे पुष्कर हेलीपेड से जयपुर के लिए रवाना हो जाएंगे।
शाह, हेमंत बिस्वा, राजनाथ सिंह भी करेंगे प्रचार
इसी तरह केन्द्रीय मंत्री रामेश्वर 14 नवम्बर को सुमरेपुर में संवाद करेंगे। वहीं, अमित शाह का 16 नवम्बर को भीम, देवली और कुंभलगढ में जनसभा का कार्यक्रम है। इसी क्रम में 18 नवम्बर को शाह की बूंदी जिले की हिंडोली औऱ अजमेर जिले की मसूदा विधानसभा में सभा प्रस्तावित हैं। इसके अलावा असम के सीएम हेमंत बिस्वा सरमा को 3 दिन, उत्तराखंड सीएम पुष्कर धामी को 2 दिन और केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह को 2 दिन के लिए राजस्थान में अलग-अलग विधानसभाओं में चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी दी गई है।
जयपुर, जोधपुर और अजमेर में होंगे रोड शो
इन नेताओं के अलावा पीएम मोदी की 15 को बाड़मेर के बायतू और 18 नवम्बर को भरतपुर और नागौर में जनसभा प्रस्तावित हैं। इन जनसभाओं के अलावा जयपुर और जोधपुर में मोदी के रोड शो प्रस्तावित हैं। इसके तहत 22 नवम्बर को जयपुर में पीएम का परकोटा क्षेत्र में रोड शो हो सकता है। इस दौरान मोदी ओपन जीप में बैठकर लोगों का अभिवादन स्वीकार करेंगे।
इसी तरह 23 नवम्बर को मोदी का जोधपुर में रोड शो प्रस्तावित है। जोधपुर में भी पीएम मोदी का पुराने शहर में रोड शो होगा। जयपुर और जोधपुर में पुराने शहर का अपना महत्व है। यहां रोड शो करके मोदी पूरे शहर को साधने की कोशिश करेंगे। वहीं अजमेर में भी बीजेपी ने रोड शो प्लान किया है। इसमें केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह शामिल होंगे। अजमेर में होने वाला रोड शो पीएम मोदी के रोड शो से पहले होगा।
