राजस्थान: बीजेपी को झटका, बड़ा मुस्लिम चेहरा, कोटा के अमीन पठान कांग्रेस में शामिल
राजस्थान में बीजेपी को यह तगड़ा झटका लगा है। युनूस खान के बाद बीजेपी के एकमात्र प्रमुख मुस्लिम चेहरे रहे अमीन पठान आज बुधवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। युनूस खान तो टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर डीडवाना से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ें रहे हैं। मुख्यमंत्री गहलोत ने अमीन पठान को कांग्रेस की सदस्यता दिलवाई।
एनसीआई@जयपुर
युनूस खान के बाद बीजेपी के एकमात्र बड़े मुस्लिम चेहरे माने जा रहे अमीन पठान भी आज बुधवार को बीजेपी को झटका देकर कांग्रेस में शामिल हो गए। वे भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष, राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के कार्यवाहक अध्यक्ष और उपाध्यक्ष रहे हैं। उनके साथ कई पार्षदों और भाजपा पदाधिकारियों ने भी कांग्रेस की सदस्यता ले ली है। पीसीसी के वॉर रूम में प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अमीन पठान और उनके समर्थकों को कांग्रेस की सदस्यता दिलवाई।
गहलोत ने बीजेपी पर साधा निशाना
इस मौके पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर आरोप लगाया कि वे राजस्थान आकार लोगों को भड़का रहे हैं। लाल डायरी के राज बाहर आने के सवाल पर सीएम ने कहा कि लाल डायरी की साजिश गृह मंत्रालय में रची गई है। इसमें हमारे मंत्री को भी शामिल किया गया। उन्होंने साफ किया कि उन्हें लाल डायरी की नहीं, बल्कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने की चिंता है, ताकि जनता को योजनाओं का फायदा मिल सके।
पूरी तरह खेलों को रहे हैं समर्पित
इस मौके पर सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि अमीन पठान पूरी तरह खेलों को समर्पित रहे हैं। लम्बे समय तक भाजपा में रहे, लेकिन वहां जिस तरह का माहौल बना रखा है कि कोई भी व्यक्ति वहां काम करना पसंद नहीं करता है। कांग्रेस वह पार्टी है जिसने देश को एकजुट रखने के लिए बलिदान दिया। भाजपा मुद्दों की राजनीति नहीं कर रही है। अमीन पठान के आने से प्रदेशभर में कांग्रेस की ताकत बढ़ेगी।
