10 साल के बच्चे के हाथ में फट गया सूतली बम, सीधे हाथ की दो उंगलियां उखड़ कर अलग हो गईं
एनसीआई@बूंदी/कोटा
बूंदी जिले के खटकड़ क्षेत्र के भीमगंज गांव में
अपने घर के पास बाड़े में खेलते समय 10 साल के बच्चे के हाथ में सूतली बम फट गया। इस हादसे में उसके सीधे हाथ की दो उंगलियां उखड़ कर अलग हो गईं। साथ ही हाथ बुरी तरह झुलस गया। इस पर उसे इलाज के लिए कोटा के एमबीएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित बच्चे के पिता गजानंद ने बताया कि उनके तीन बच्चों में से मनीष सबसे छोटा है। उसे रविवार को घर के पास कचरे में सूतली बम मिला था। मनीष उस सूतली बम को अपने साथ ले आया। वह घर पास के बाड़े में उस बम को चला रहा था। उसी दौरान वह सूतली बम उसके हाथ में ही फट गया।
इसके बाद मनीष के रोने चिल्लाने की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे। उसका हाथ बुरी तरह झुलस चुका था। इस पर उसे तुरंत खटकड़ हॉस्पिटल लेकर गए। जहां उसके पट्टी बांधकर बूंदी रेफर कर दिया। इसके बाद उसे बूंदी हॉस्पिटल लेकर गए। वहां से भी उसे कोटा रेफर कर दिया। रात 9 बजे मनीष को कोटा लेकर आए। मनीष के सीधे हाथ की दो उंगलियां अलग हो गई हैं।
मनीष की मां अशोक बाई ने बताया कि वह पटाखा चला रहा था। पहले तो बत्ती जल गई लेकिन पटाखा नहीं चला। इस पर उसने पास जाकर देखा तो बत्ती नजर नहीं आई। उसने पटाखा हाथ में उठा लिया। उसी दौरान पटाखा फट गया। मनीष का हाथ पंजा उंगलियों के पास से फट गया। दो उंगलियां अलग हो गईं। मनीष चौथी कक्षा में पढ़ता है।
