कोटा : जीओ गीता परिवार सहित अन्य संस्थाओं के जरिये कई जगह हुए आयोजन, सवा लाख लोगों ने किया गीता के श्लोकों का पाठ

एनसीआई@कोटा
कोटा में शनिवार को गीता जयंती के अवसर पर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। जीओ गीता परिवार की ओर से शहर में विभिन्न स्थानों पर एक मिनट गीता पाठ का आयोजन किया गया। इसमें कोचिंग स्टूडेंट्स से लेकर अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों, धार्मिक, सामाजिक संस्थाओं से जुड़े लोगों ने ‘एक मिनट गीता पाठ’ कर गीता के संदेश को घर-घर पहुंचाने में अपनी भागीदारी निभाई।

गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज के आह्वान पर हुए इस आयोजन की सफलता पर उन्होंने देशवासियों का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि देशभर के सवा करोड़ लोगों ने गीता के श्लोकों का पाठ किया और गीता के महत्व को जाना। गीता का उपदेश हर जगह, हर वक्त और युगों-युगों तक प्रासंगिक रहेगा। गीता जीवन का सार है और गीता ही मोक्ष का माध्यम है। भारत में विभिन्न स्थानों पर एक मिनट-एक साथ, गीता पाठ का आयोजन किया गया। इसी क्रम में कोटा में भी बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी भागीदारी निभाई। जीओ गीता परिवार के किशन पाठक ने यह संख्या सवा लाख बताई है।

कोचिंग संस्थानों के विभिन्न सेंटर्स पर 50 हजार विद्यार्थियों ने गीता के श्लोकों का पाठ किया। संस्था से जुडे़ किशन पाठक ने बताया कि सम्पूर्ण विश्व में जन-जन को, हर प्राणी का यह आह्वान किया गया था कि वह कहीं भी हो, एक मिनट गीता के तीन श्लोक पढे़ं। इसमें प्रथम अध्याय का प्रथम श्लोक, 9 वें अध्याय का 22 वां श्लोक व 18 वें अध्याय का 78 वें श्लोक को सभी ने पढ़ा। इन तीनों श्लोकों में सम्पूर्ण गीता का सार है।
