सचिन पायलट को छत्तीसगढ़ का प्रभारी महासचिव बनाया, रंधावा बने रहेंगे राजस्थान प्रभारी, हरीश चौधरी को पंजाब प्रभारी की जिम्मेदारी से हटाया
एनसीआई@जयपुर
सचिन पायलट को कांग्रेस हाईकमान ने छत्तीसगढ़ के प्रभारी महासचिव की नई जिम्मेदारी दी है। अब तक पायलट कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य थे। अब उन्हें राजस्थान के बाहर जिम्मेदारी दी गई है। वहीं हरीश चौधरी काे पंजाब प्रभारी के पद से हटा दिया गया है। इनकी जगह राजस्थान के सह प्रभारी सचिव रहे देवेन्द्र यादव को पंजाब प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने संगठन की नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं।
पायलट को छत्तीसगढ़ का प्रभारी महासचिव बनाकर उन्हें राजस्थान से फिलहाल दूर कर दिया है। इस प्रकार पायलट यहां नेता प्रतिपक्ष और प्रदेशाध्यक्ष की दौड़ से बाहर हाे गए हैं। कयास लगाया जा रहा है कि पूर्व सीएम अशोक गहलोत और सचिन पायलट के टकराव के चलते पायलट को यह नई जिम्मेदारी दी गई है।
उल्लेखनीय है कि गहलोत को पहले ही नेशनल अलायंस कमेटी की जिम्मेदारी दी जा चुकी है। इस प्रकार गहलोत और पायलट दोनों को ही राजस्थान से बाहर की जिम्मेदारी दी गई है। पायलट टोंक से विधायक हैं, ऐसे में उनका यहां आना-जाना तो लगा रहेगा, लेकिन छत्तीसगढ़ जैसे राज्य का प्रभारी बनाने के सियासी मायने साफ हैं।
कांग्रेस प्रभारी पद पर रंधावा बरकरार
राजस्थान प्रभारी पद पर सुखजिंदर सिंह रंधावा को बरकरार रखा गया है। राजस्थान चुनाव में हार के बाद रंधावा ने कहा था कि पंजाब की राजनीति पर ध्यान देना है, उन्होंने हाईकमान के सामने बात रख दी है। अब फैसला उन्हें करना है।
भंवर जितेन्द्र को असम के साथ मध्यप्रदेश का अतिरिक्त चार्ज
भंवर जितेन्द्र सिंह को असम के प्रभारी महासचिव के साथ मध्यप्रदेश का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है। मोहन प्रकाश को बिहार का प्रभारी महासचिव बनाया गया है।
इस प्रकार कांग्रेस संगठन के ताजा फेरबदल में राजस्थान के तीन नेताओं को प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है।
अब नेता प्रतिपक्ष नियुक्ति की तैयारी
कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन में ताजा फेरबदल के बाद अब राजस्थान में नेता प्रतिपक्ष के पद पर जल्द नियुक्ति होने के आसार हैं। नेता प्रतिपक्ष के लिए हरीश चौधरी, महेन्द्रजीत सिंह मालवीय व राजेन्द्र पारीक के नाम दावेदारों में शामिल हैं।
