April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

कांग्रेस के राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण ठुकराने से नाराज कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर पार्टी छोड़ी

कांग्रेस के राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण ठुकराने से नाराज कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर पार्टी छोड़ी

एनसीआई@कोटा

कांग्रेस पार्टी के द्वारा अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण ठुकराए जाने से नाराज पार्टी के कार्यकर्ता खुलकर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर करने लगे हैं। इसका कांग्रेस को नुकसान भी हो रहा है। कोटा में भी ऐसा ही वाकया सामने आया है। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं के तीखे तेवर देखने को मिले।कांग्रेस हाईकमान के इस फैसले के खिलाफ उम्मेद क्लब के बाहर पार्टी के कई कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इसी के साथ 11 कार्यकर्ताओं ने पार्टी का दामन भी छोड़ दिया।

कांग्रेस छोड़ने वाले कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने कहा कि वे अब सनातन धर्म के लिए काम करेंगे। इन नाराज कांग्रेसियों का नेतृत्व यूथ कांग्रेस के पूर्व  प्रदेश सचिव और वर्तमान में देहात कांग्रेस के मीडिया प्रभारी कंवर सिंह चौधरी ने किया। उन्होंने अपने 10 अन्य समर्थकों के साथ कांग्रेस छोड़ दी है।

‘जो राम का नहीं, वह किसी काम का नहीं’

कंवर सिंह चौधरी ने कहा, “जो भगवान राम का नहीं, वह किसी काम का नहीं है। इसी सोच के साथ कांग्रेस छोड़ दी है।” उन्होंने कहा-“कांग्रेस एक धर्म-जाति को साधने के लिए हिन्दू धर्म का अपमान कर रही है। कांग्रेस के आलाकमान को हिन्दू धर्म की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए अयोध्या जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस के लिए हमनें लाठियां खाईं, वह हमारे धर्म को वोट बैंक की खातिर नजर अंदाज कर रही है। उसका अपमान करने का प्रयास कर रही है। यह कभी स्वीकार नहीं है।”

‘भावना आहत हुई, अब सनातन के लिए करेंगे काम’

वहीं, अन्य कांग्रेस छोड़ने वाले युवाओं का कहना है कि कांग्रेस पार्टी ने हमारी भावनाओं को आहत किया है। पार्टी में लाखों की संख्या में हिन्दू धर्म से जुडे़ पदाधिकारी हैं। राम भगवान सभी के आराध्य हैं। हमें तो खुशी जाहिर करनी चाहिए कि हमें पहली बार दो दिवाली मनाने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने यह भी कहा है कि वे फिलहाल किसी भी पार्टी को ज्वॉइन नहीं करेंगे। अभी केवल अयोध्या राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के निमंत्रण पत्र बांटने, घर-घर पीले चावल बांटने के साथ ही हिन्दू संस्कृति को बचाने और युवाओं को जोड़ने का काम करेंगे‍।

इस अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के साथ गौ रक्षा मंच के कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। इन्होंने कांग्रेस छोड़कर सनातन के लिए कार्य करने आगे आए युवाओं का भगवा दुपट्टा धारण करा कर स्वागत किया‌।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.