फिटनेस मंत्र के लिए 14 को दौड़ेगा कोटा: 5 और 10 किमी में आयोजित होगी दौड़ और साइकिल रन
एनसीआई@कोटा
अच्छे स्वास्थ्य लाभ, सेहत का संदेश और फिटनेस मंत्र के लिए 14 जनवरी, रविवार को कोटा में दौड़ और साइकिल रन का आयोजन किया जाएगा। 14 जनवरी की इस दौड़ के लिए कोटावासियों में उत्साह है। इवेंट को-ऑर्डिनेटर रूचि शर्मा ने बताया कि इस दौड़ को डिकेथलॉन द्वारा आयोजित किया जा रहा है। शहर के रोटरी क्लब कोटा सहित कई सामाजिक संस्थाएं एवं क्लब इस दौड़ में सहयोगी हैं।
रेस को-ऑर्डिनेटर पूर्व सैनिक शक्ति सिंह ने बताया कि कोटा शहर में सेहत को बढ़ावा देने के लिए इस दौड़ का आयोजन किया जा रहा है। यह दौड़ 5 किमी व 10 किमी की दो श्रेणियों में आयोजित की जाएगी। पैदल दौड़ने वालों के लिए यह दौड़ 5 किमी की होगी, वहीं साइकिल सवार के लिए यह दौड़ 10 किलोमीटर की आयोजित की जाएगी।
अभिषेक सोलंकी ने बताया कि 10 जनवरी को सड़क सुरक्षा संदेश के साथ सुबह 6.30 बजे शहरवासी महाराव उम्मेदसिंह स्टेडियम, नयापुरा पहुंचेंगे। 5 किलोमीटर के प्रतिभागी उम्मेद सिंह स्टेडियम से क्षारबाग, जयपुर गोल्डन, सरोवर टॉकीज, सेवन वंडर, किशोर सागर की पाल से जेडीबी होते हुए उम्मेदसिंह स्टेडियम तक दौड़ लगाएंगे। वहीं 10 किलोमीटर के साइकिल प्रतिभागी इसी मार्ग के दो राउंड लगाएंगे। को-ऑर्डिनेटर हरमीत सहगल ने बताया कि इस दौड़ में 450 प्रतिभागी शामिल होंगे।
आयरनमैन मृगेश गुप्ता ने बताया कि हर प्रतिभागी को टी शर्ट, मेडल व सर्टिफिकेट दिया जाएगा। इस आयोजन के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।
