April 18, 2026

News Chakra India

Never Compromise

सीएम भजनलाल की मीटिंग के दौरान हंगामा, पदाधिकारी को पुलिस ने रोका तो बिगड़ी बात

सीएम भजनलाल की मीटिंग के दौरान हंगामा, पदाधिकारी को पुलिस ने रोका तो बिगड़ी बात

एनसीआई@नागौर

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दो दिन के नागौर दौरे पर हैं। इस दौरान सीएम शुक्रवार शाम जिला भाजपा कार्यालय में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की मीटिंग ले रहे थे। इसमें शामिल होने के लिए अजमेर प्रांत संगठन मंत्री पुखराज पहाड़िया भी पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें मीटिंग में जाने से रोक दिया। इस पर हंगामा हो गया। पहाड़िया समर्थकों ने पुलिस का विरोध शुरू कर दिया।

पहाड़िया ने कहा कि आप लिस्ट चेक कर लीजिए। अगर मेरा नाम न हो तो फिर चाहे मत जाने देना। इस पर भी कोई हल नहीं निकला। पहाड़िया ने मीटिंग में मौजूद पदाधिकारियों तक बात पहुंचाई तो बैठक से पहाड़िया को बुलाने का आदेश आया। इसके बाद पहाड़िया बैठक में पहुंचे और मंच पर अपना स्थान लिया।

लिस्ट में नाम नहीं होने का दिया हवाला

दरअसल, सीएम भजनलाल शर्मा बीजेपी कार्यालय में पहली मंजिल पर मीटिंग हॉल में पहुंचे तो उनके पीछे कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भाजपा कार्यालय में भीड़ इतनी ज्यादा हो गई कि पुलिस को कार्यकर्ताओं को संभालना मुश्किल हो गया। पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच दो बार झड़प भी हुई। इसी बीच पुखराज पहाड़िया बैठक में हिस्सा लेने जाने लगे। तभी एसपी नारायण टोगस ने बैठक की लिस्ट में नाम न होने का हवाला देते हुए पहाड़िया को रोक दिया। बाद में एक पुलिसकर्मी पुखराज पहाड़िया को ऊपर लेकर गया और वह मीटिंग में शामिल हुए।

गौरतलब है कि प्रांत संगठन मंत्री होने के कारण पुखराज पहाड़िया के लिए मंच पर स्थान तय किया गया था। इसके कुछ देर बाद विधानसभा चुनाव 2023 में लाडनूं सीट से प्रत्याशी रहे करण सिंह लाडनूं के साथ भी यही वाकया हुआ। उन्हें भी पुलिस ने रोक दिया। उन्हें भी बैठक से बुलावा आने के बाद अंदर जाने दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.