April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

आबकारी अधिकारी के ठिकानों पर एसीबी की छापेमारी, तीन जिलों में हुई कार्रवाई, 16 कमरों के मकान में 16 बाथरूम, करोड़ों की सम्पत्ति मिली

आबकारी अधिकारी के ठिकानों पर एसीबी की छापेमारी, तीन जिलों में हुई कार्रवाई, 16 कमरों के मकान में 16 बाथरूम, करोड़ों की सम्पत्ति मिली

एनसीआई@जोधपुर

जोधपुर-बीकानेर एसीबी की टीम ने बीकानेर के आबकारी अधिकारी मोहनलाल पूनिया के 3 ठिकानों पर दबिश दी। उनके जोधपुर स्थित घर, फलोदी और बीकानेर स्थित ऑफिस और आवास पर यह कार्रवाई हुई। करीब साढ़े दस घंटे चली इस कार्रवाई में एसीबी को करोड़ों रुपए की जमीन के कागजात मिले। इनमें आवासीय और कॉमर्शियल सम्पत्तियों के अलावा प्लाट्स भी शामिल हैं। ब्यूरो की एफआईआर के मुताबिक पूनिया ने स्वयं के साथ उनकी पत्नी और अन्य रिश्तेदारों के नाम से भी सम्पत्तियां ले रखी हैं।

तीन ठिकानों पर 10 घंटे से ज्यादा चली कार्रवाई

एसीबी बीकानेर एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महावीर प्रसाद शर्मा ने बताया- जोधपुर, फलोदी और बीकानेर के ठिकानों पर सुबह 7 बजे से कार्रवाई शुरू हुई थी। यह शाम साढ़े पांच बजे तक चली।

वहीं एसीबी जोधपुर के उप महानिरीक्षक हरेन्द्र महावर ने बताया कि आरोपी मोहन लाल पूनिया और उनके परिजनों के नाम से विभिन्न स्थानों पर करीब 10 आवासीय और कृषि भूखंडों के दस्तावेज मिले हैं, जिनकी कीमत करोड़ों रुपए है। जोधपुर ग्रामीण इकाई के एसीबी के जांच अधिकारी ओम प्रकाश चौधरी के नेतृत्व में की गई।

16 कमरों का ढाई करोड़ का मकान

रिपोर्ट्स के अनुसार, अब तक की कार्रवाई में आबकारी अधिकारी के पास आरटीओ ऑफिस के पास बीजेएस जोधपुर में एक 60×60 का मकान, जिसकी वेल्यू 2.5 करोड़ रुपए आंकी गई है। वहीं इस घर में बने हुए सभी 16 कमरों में से हर एक कमरे में बाथरूम हैं। पहली मंजिल पर गाड़ियों की पार्किंग बनाई गई है। इसके ऊपर घर है। जांच में 7 करोड़ की सम्पत्ति और पाई गई है। इसके अलावा जोधपुर और फलोदी में प्लॉट के कागजात मिले हैं। पूनिया का 2 माह बाद मई में ही रिटायरमेंट होना है। वे बीकानेर के अलावा जोधपुर और जैसलमेर में भी नियुक्त रह चुके हैं। पूनिया के 5 बेटे हैं। इन में से 3 डॉक्टर हैं। सभी परिजनों के बैंक खातों की भी जानकारी ली गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.