April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

देशभर में पेट्रोल और डीजल 2 रुपए सस्ता हुआ, राजस्थान में अलग से वेट में 2 प्रतिशत की कमी

देशभर में पेट्रोल और डीजल 2 रुपए सस्ता हुआ, राजस्थान में अलग से वेट में 2 प्रतिशत की कमी

एनसीआई@नई दिल्ली/जयपुर

लोकसभा चुनाव से पहले पेट्रोलियम कम्पनियों ने लोगों को राहत देते हुए पेट्रोल और डीजल के दामों में 2 रुपए प्रति लीटर की कटौती कर दी है। नई कीमतें शुक्रवार सुबह 6 बजे से लागू होंगी। इससे पहले 21 मई, 2022 (22 महीने) को दाम घटाए गए थे।

पेट्रोलियम एंड नेचुरल गैस, केन्द्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि पेट्रोल और डीजल के दाम 2 रुपए कम करके प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि करोड़ों भारतीयों के परिवार का हित और सुविधा उनका लक्ष्य है। इससे पहले आज ही राजस्थान सरकार ने अपने राज्य में डीजल-पेट्रोल पर 2 प्रतिशत वेट कम कर दिया था।

21 मई 2022 को 8 रुपए सस्ता हुआ था पेट्रोल

इससे पहले पेट्रोल-डीजल के दाम 2022 में घटे थे। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 21 मई 2022 को पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क में 8 रुपए प्रति लीटर और डीजल पर 6 रुपए प्रति लीटर की कटौती की घोषणा की थी। नए दाम 22 मई से लागू हुए थे। हालांकि, अभी जो दाम घटाए गए हैं, उसे ऑयल मार्केटिंग कम्पनियों ने कम किए हैं। ये कम्पनियां रोज सुबह 6 बजे दामों को रिवाइज करती हैं।

भारत में ऐसे तय होती हैं पेट्रोल-डीजल की कीमतें

जून 2010 तक सरकार पेट्रोल की कीमत निर्धारित करती थी और हर 15 दिन में इसे बदला जाता था। 26 जून 2010 के बाद सरकार ने पेट्रोल की कीमतों का निर्धारण ऑयल कम्पनियों के ऊपर छोड़ दिया। इसी तरह अक्टूबर 2014 तक डीजल की कीमत भी सरकार निर्धारित करती थी। 19 अक्टूबर 2014 से सरकार ने ये काम भी ऑयल कम्पनियों को सौंप दिया।

अभी ऑयल कम्पनियां अंतरराष्ट्रीय मार्केट में कच्चे तेल की कीमत, एक्सचेंज रेट, टेक्स, पेट्रोल-डीजल के ट्रांसपोर्टेशन का खर्च और बाकी कई चीजों को ध्यान में रखते हुए रोजाना पेट्रोल-डीजल की कीमत निर्धारित करती हैं।

राजस्थान में पेट्रोल-डीजल पर 2 प्रतिशत वेट कम किया

सीएम भजनलाल शर्मा की केबिनेट की दूसरी बैठक में पेट्रोल-डीजल के दाम कम करने का फैसला लिया गया। सरकार ने वेट में 2 प्रतिशत की कटौती की है। वहीं, ऑयल मार्केटिंग कम्पनियों ने भी देशभर में 2 रुपए लीटर पेट्रोल-डीजल के दाम कम कर दिए हैं। इससे राजस्थानियों को डबल फायदा होगा और राजस्थान के हर जिले में कम से कम साढ़े 3 रुपए पेट्रोल-डीज़ल पर जरूर कम हो जाएंगे। राजस्थान में अब 31.04 प्रतिशत की जगह 29.04 प्रतिशत वेट लगेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.