दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार, ईडी की टीम ने 2 घंटे से अधिक की पूछताछ के बाद की यह कार्रवाई
एनसीआई@नई दिल्ली
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ईडी की टीम ने गुरुवार रात 9.15 बजे करीब शराब घोटाला मामले में गिरफ्तार कर लिया। मुख्यमंत्री के सरकारी निवास पर उनसे दो घंटे से भी अधिक समय तक की गई पूछताछ के बाद यह कार्रवाई की गई। बड़ी बात यह है कि देश के इतिहास में पहली बार किसी सिटिंग मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी हुई है। पार्टी का कहना है की गिरफ्तारी के बावजूद केजरीवाल मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा नहीं देंगे। वह जेल से ही सरकार चलाएंगे।
केजरीवाल को लगातार 9 समन भेजने के बाद ईडी की टीम 10 वें समन के साथ गुरुवार शाम केजरीवाल के घर पहुंची थी। इसमें ईडी के संयुक्त निदेशक कपिल राज भी शामिल थे। इस टीम ने पीएमएलए की धारा 50 के तहत केजरीवाल के बयान दर्ज किए।
ईडी के जांच अधिकारी जोगेन्द्र ने पहले केजरीवाल से पूछताछ की। साथ ही उनके घर की भी तलाशी ली गई। इस बीच केजरीवाल की लीगल टीम ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की। इसमें हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती दी गई, जिसमें उन्हें गिरफ्तारी से राहत नहीं दी गई थी।
इस बीच दिल्ली के केबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज भी केजरीवाल के घर के बाहर पहुंच गए थे। उन्होंने कहा था कि केजरीवाल को गिरफ्तार करने की तैयारी है। उल्लेखनीय है कि आज ही दिल्ली हाईकोर्ट ने इस मामले में अहम टिप्पणी करते हुए कहा था कि सीएम केजरीवाल को गिरफ्तारी से राहत नहीं है।
इस बीच पंजाब के सीएम भगवंत मान ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा था, ‘भाजपा की राजनीतिक टीम (ED) .,केजरीवाल की सोच को कैद नहीं कर सकती…क्योंकि AAP ही BJP को रोक सकती हैं.. सोच को कभी भी दबाया नहीं जा सकता।’
ऐसे चला घटनाक्रम
रात 8:57 बजेः ईडी अधिकारी कपिल राज, ईडी के संयुक्त निदेशक भी केजरीवाल के आवास पर हैं। उनके मुताबिक, PMLA की धारा 50 के तहत केजरीवाल का बयान दर्ज किया जा रहा है।
रात 8:50 बजेः अगर सीएम केजरीवाल गिरफ्तार हुए तो जेल से चलेगी दिल्ली सरकार ।
रात 8: 47 बजेः नारेबाजी कर रहे AAP नेताओं को हिरासत में ले रही पुलिस, कई AAP समर्थकों को हिरासत में लेकर सीएम आवास से हटाया गया।
रात 8:45 बजेः स्पीकर ने कहा- गिरफ्तारी के बाद भी इस्तीफा नहीं देंगे सीएम केजरीवाल।
रात 8:35 बजेः ईडी दफ्तर जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग की गई, धारा 144 का बोर्ड भी लगाया गया।
रात 8:32 बजेः ईडी कार्यालय के बाहर सुरक्षा बढ़ाई गई।
रात 8:30 बजेः प्रवर्तन निदेशालय (ED) के दफ्तर के बाहर भी धारा 144 लगाई गई।
रात 8:29 बजे: सीएम अरविंद केजरीवाल के घर के आसपास धारा 144 लगाई गई। सीएम केजरीवाल के घर के बाहर बढ़ रही भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ऐसा किया गया।
रात 8:20 बजे: दिल्ली विधानसभा सत्र: मोहल्ला क्लीनिकों में दवा की कमी को दूर करने के लिए उठाए गए कदमों के सम्बन्ध में रिपोर्ट सौंपने के लिए मुख्य सचिव को 22 मार्च को विधानसभा में फिर बुलाया गया।
