April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

भाइयों का झगड़ा सुलझाने गई पुलिस पर हमला, एसएचओ को बंधक बनाया, हेड कॉन्स्टेबल का हाथ तोड़ा, 70 पुलिसकर्मियों ने आकर छुड़ाया, दर्जनभर आरोपियों को दबोचा

भाइयों का झगड़ा सुलझाने गई पुलिस पर हमला, एसएचओ को बंधक बनाया, हेड कॉन्स्टेबल का हाथ तोड़ा, 70 पुलिसकर्मियों ने आकर छुड़ाया, दर्जनभर आरोपियों को दबोचा

एनसीआई@जोधपुर

दो भाइयों के बीच जमीन को लेकर चल रहे विवाद की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस की टीम पर एक भाई के परिवार ने हमला कर दिया। यही नहीं इस दौरान एसएचओ को कमरे में बंधक बना लिया। हेड कॉन्स्टेबल का हाथ तोड़ दिया। इसके बाद करीब 70 पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और एसएचओ व अन्य पुलिसकर्मियों को बचाया। जोधपुर से करीब 140 किमी दूर चामू थाना क्षेत्र के गोदेलाई गांव में शनिवार रात सवा ग्यारह बजे के बाद यह वारदात हुई।

10 मिनट कमरे में बंद रहे एसएचओ

चामू थाने के एसएच ओमप्रकाश ने बताया- गोदेलाई गांव में दो सगे भाइयों हरजीराम और डालूराम के बीच जमीन को लेकर विवाद था। हरजीराम ने शनिवार को डालूराम के घर आने-जाने का रास्ता बंद कर दिया था।डालूराम इसकी शिकायत लेकर रात 11 बजे चामू थाने पहुंचा। इसके बाद मैं 4 पुलिसकर्मियों को लेकर 4 किमी दूर मौके पर गया। हम दोनों पक्षों से मामले की जानकारी ले रहे थे। इसी दौरान हरजीराम के घर गए तो वह बोला- अंदर आ जाओ, बैठकर बात करते हैं।

एसएचओ ने बताया कि इस पर मैं अकेला अंदर गया। वहीं बाकी चारों पुलिसकर्मी घर के बाहर पूछताछ कर रहे थे। हरजीराम ने मुझे एक कमरे में बैठा दिया और अचानक बाहर से कुंडी बंद कर दी। मैं तुरंत उठा और बाहर मौजूद पुलिसकर्मियों को आवाज दी। दरवाजा खटखटा कर उसे खोलने के लिए आवाज देना शुरू किया। अंदर से ही बाहर मौजूद पुलिसकर्मियों और कंट्रोल रूम को सूचना दी। मैं करीब 10 मिनट तक अंदर रहा। फिर एक हेड कॉन्स्टेबल ने दरवाजा खोला।

चामू थाने में आसपास के थानों की फोर्स भी पहुंची।
चामू थाने में आसपास के थानों की फोर्स भी पहुंची।

दो और थानों से आई पुलिस फोर्स, आंसू गैस के गोले छोड़े

एसएचओ ने बताया- बाहर आने के बाद जब हरजीराम को ले जाने लगे तो उसके परिजनों ने पुलिस पर हमला कर दिया। इनमें पुरुषों के साथ महिलाएं भी शामिल थीं। इस हमले में हेड कॉन्स्टेबल देवी सिंह के हाथ में फ्रेक्चर हो गया। करीब आधे घंटे बाद मौके पर बालेसर और एक अन्य नजदीकी थाने से भी पुलिस फोर्स आ गई। पुलिस ने बचाव में आंसू गैस के गोले छोड़े। करीब 70 पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे। इसके बाद हरजीराम सहित 13 लोगों के खिलाफ राजकार्य में बाधा, पुलिस के साथ मारपीट, बंधक बनाने सहित अलग-अलग धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए। इनमें 8 पुरुष और 5 महिलाएं शामिल हैं। आरोपियों को दबोचने के साथ उनके वाहन सीज भी किए गए हैं।

गादेलाई गांव में हालात सामान्य हैं।
गादेलाई गांव में हालात सामान्य हैं।

सूचना पर ग्रामीण एसपी धर्मेन्द्र सिंह यादव भी मौके पर पहुंचे। मौके पर पुलिस फोर्स तैनात है। फिलहाल शांति है। घटना की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। देवी सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.