पत्नी के रील बनाने से परेशान सरकारी कर्मचारी ने की आत्महत्या, अश्लील टिप्पणियां करने वालों को लगाई थी लताड़
एनसीआई@अलवर
जिले के रैणी थाने के नांगलबास गांव निवासी एक युवक ने पत्नी के सोशल मीडिया पर रील्स बनाने और उस पर आने वाली अश्लील टिप्पणियों से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। वह सरकारी कर्मचारी था। उसने अपनी मौत के लिए पत्नी के साथ उसके एक साथी को भी जिम्मेदार बताया है। यह घटना 5 अप्रेल, शुक्रवार की है।
इसके बाद 6 अप्रेल की देर रात सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया। इसमें वह पत्नी की रील्स पर अश्लील कमेंट्स करने वालों से कहता नजर आ रहा है- ‘तुम्हारे घर में होगा, तब मालूम चलेगा। अच्छे आदमी कभी भी ऐसे कमेंट नहीं करते।’ परिजन का दावा है कि यह वीडियो उसने आत्महत्या करने से एक दिन पहले बनाया था। वह इंस्टाग्राम पर लाइव था, मगर पुलिस का कहना है कि यह वीडियो पुराना है।

रैणी थाने की एसएचओ प्रेमलता मीणा ने इस मसले पर कहा- सिद्धार्थ मीणा (31) के परिजन ने 6 अप्रेल को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस रिपोर्ट के अनुसार, सिद्धार्थ दौसा में स्वास्थ्य विभाग में एलडीएम था। वह करीब डेढ़ साल पहले पिता की जगह अनुकम्पा नौकरी पर लगा था। सिद्धार्थ और उसकी पत्नी माया के बीच झगड़ा चल रहा था। वे पहले भी एक दूसरे के खिलाफ शिकायत दे चुके थे। सिद्धार्थ इंस्टाग्राम और फेसबुक पर पत्नी के रील्स बनाने से परेशान था। पत्नी की उन रील्स पर लोग अश्लील कमेंट करके उसे चिढ़ाते थे।
पुलिस का कहना है कि सिद्धार्थ शराब पीने का आदी था। इस वजह से पति-पत्नी में आए दिन झगड़ा होता था। उनके तीन बेटी और एक बेटा है।
वीडियो में कहा- पत्नी और ससुराल से कोई मतलब नहीं
वीडियो में सिद्धार्थ कह रहा है- मैंने आज तक कभी रील नहीं बनाई। आज मजबूरी में यहां आया हूं। मेरी अगर गलती हो तो बता देना। मेरा माया से पर्सनली कोई लड़ाई-झगड़ा नहीं है। वो मेरे भाई को फंसाना चाह रही है। बस, यही मेरी लड़ाई है। मैं अपने भाई के साथ हूं।जो समझदार आदमी होगा, वो तो खुद समझ जाएगा। कभी घर परिवार की समझो। समझदार आदमी बढ़िया कमेंट कर रहे हैं, लेकिन, कुछ लोग गंदे कमेंट कर रहे हैं। जब तुम्हारे घर में ऐसा होगा न, तब समझ आएगा। मैं अपने परिवार को टूटने नहीं दूंगा। इसके लिए मैं जान दे सकता हूं। ऐसी लड़कियां (माया) तो बहुत मिल जाएंगी, लेकिन परिवार नहीं मिलेगा।
अगर मैं मरता हूं तो मैंने अपना नॉमिनी अपने भाई को बना दिया है। मुझे अपनी ससुराल और पत्नी से कोई मतलब नहीं है। भाई मेरा सब कुछ है।
भाई का साथ नहीं छोड़ सकता
वीडियो में सिद्धार्थ ने यह भी बोला- वो भी वीडियो देख रही है। सुन ले, तू तलाक ले ले। चारों बच्चे मेरे पास रहेंगे। रतिराम कौन है। मैं तेरा हसबेंड हूं। मैं कहूंगा, वो होगा। आज जा के लाइव आया हूं। अपने भाई को मरने छोड़ दूं। सोशल मीडिया के माध्यम से कह रहा हूं, मैं मर जाऊंगा। मेरे भाई और इसकी लड़ाई हुई है। केस हो गया है। मैं मेरे भाई के साथ हूं। ये आईडी भी मैंने कैसे-कैसे खोली है। ये आईडी और मेरी सिम सब कुछ उनके (ससुराल वालों) पास है। कुछ लोग मुझे गलत बताएंगे, लेकिन मैं अपने भाई का साथ नहीं छोड़ सकता।
मेरी मौत के जिम्मेदार रतिराम और माया है। मेरा भाई सेफ है। मेरे परिवार की लड़ाई थी। यह मैं मानता हूं। लेकिन, ऐसा नहीं होना चाहिए कि किसी को फंसा दिया जाए। मैंने उनके (ससुराल वाले और रतिराम) पैर भी पकड़ लिए। इससे अधिक कुछ नहीं कहना चाहता। लेकिन, अब मैं धज्जियां उड़ा दूंगा। इससे पहले मैंने कभी रील नहीं बनाई। लेकिन, अब मैं मजबूरी में आया हूं।
