April 23, 2026

News Chakra India

Never Compromise

कांग्रेस उम्मीदवार का ऐलान-दो पत्नी वालों को दो लाख सालाना देंगे, प्रदेश अध्यक्ष ने किया समर्थन, मगर बीजेपी बोली-यह उनकी तुष्टिकरण की राजनीति

कांग्रेस उम्मीदवार का ऐलान-दो पत्नी वालों को दो लाख सालाना देंगे, प्रदेश अध्यक्ष ने किया समर्थन, मगर बीजेपी बोली-यह उनकी तुष्टिकरण की राजनीति

एनसीआई@भोपाल

रतलाम-झाबुआ लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया ने कहा, ‘जिस व्यक्ति की दो पत्नियां हैं, उसे दो लाख रुपए सालाना दिए जाएंगे। इसके अलावा कांग्रेस ने चुनावी घोषणापत्र में सभी महिलाओं के खातों में एक-एक लाख रुपए देने की बात कही है।’

भूरिया ने यह बात गुरुवार को रतलाम के सैलाना में एक चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए कही। कार्यक्रम में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी भी मौजूद थे। मंच से ही पटवारी ने भूरिया के बयान का समर्थन किया। कहा, ‘आपके जो भावी सांसद हैं भूरिया जी, इन्होंने अभी भयंकर घोषणा कर दी। जिसकी दो पत्नियां हैं, उसको डबल ….।’

वहीं, भूरिया के इस बयान को भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने तुष्टिकरण की राजनीति बताया है। उन्होंने ‘X’ पर लिखा, ‘तुष्टिकरण के लिए बहुसंख्यक हिन्दुओं को सरेआम बेइज्जत करने के लिए अब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, दिग्विजय सिंह और विक्रांत भूरिया ने मंच का सहारा लेना शुरू कर दिया है।’ वहीं, पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नरेन्द्र सलूजा ने चुनाव आयोग से कार्यवाही की मांग की है।

भाजपा पर आदिवासी समाज के अपमान का आरोप

पूर्व मंत्री भूरिया ने कहा, ‘भाजपा के लोग मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश बर्बाद कर दिया। हमारे आदिवासी समाज के लोगों को अपमानित करने का काम किया। भाजपा नेताओं ने आदिवासी परिवार के लोगों को 10 फीट के गड्ढे में गाड़ दिया। देवास जिले में दो साल की बच्ची को जिंदा गाड़ दिया। सीधी में आदिवासी भाई पर भाजपा नेता पेशाब कर रहा था, तब वे मौन रहे।’

पूछा- क्या मतदाता आपकी जेब में हैं?

भूरिया ने कहा, ‘नरेन्द्र मोदी कहते हैं कि अबकी बार, 400 पार….। मोदी जी, क्या मतदाता आपकी जेब में हैं? जो 400 पार दे देंगे। वे पहले कहते थे- एक बार मुझे प्रधानमंत्री बना दो तो मैं दो करोड़ नौजवानों को नौकरी दूंगा। 15-15 लाख खाते में जमा करा दूंगा।

बेचारे गरीबों ने 400-500 रुपए जमा करके खाते खुलवा लिए लेकिन एक पैसा जमा नहीं हुआ। मोदी ने खाते खुलवाकर करोड़ों रुपए जमा कर लिए इसलिए आपको देखना है कि इन्होंने न नौजवानों का भला किया और न महिलाओं का भला किया।’

कहा- अब मोदी को गुजरात जाना पडे़गा

भूरिया बोले कि हमने भी बड़े-बड़े प्रधानमंत्री देखे। जब भी वे भाषण देते तो लोग चौराहे पर खड़े होकर देखते थे। नेहरू जी, इंदिरा जी, राजीव गांधी सबको देखा लेकिन इन्होंने तो सीमाएं लांघ दीं। उनसे पूछो तो सही कि 20 साल भाजपा की सरकार मध्यप्रदेश में रही तो क्या किया?

अब मोदी को गुजरात जाना पडे़गा। दिल्ली खाली करना पडे़गी। वहां बेईमानों की जरूरत नहीं है। वहां शोषित, पीड़ित, दलितों की सेवा करने वालों की जरूरत है।

सीएम बोले- 70 साल से मंदिरों का निमंत्रण ठुकरा रही कांग्रेस

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को बड़वानी जिले के निवाड़ी पहुंचे। यहां उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस पिछले 70 साल से मंदिरों का निमंत्रण ठुकरा रही है। जब सोमनाथ मंदिर का भूमिपूजन किया गया था, तब नेहरू ने सोमनाथ मंदिर का निमंत्रण ठुकरा दिया था। अब राम मंदिर का निमंत्रण भी ठुकरा दिया। अब 13 मई को जनता इन्हें ठुकराएगी। जो राम का नहीं हो सकता, वो किसी का नहीं हो सकता।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.