पानी के टेंक में मिले भाई-बहन के शव, मां के खिलाफ हत्या का केस दर्ज
एनसीआई@जोधपुर
बालेसर के टीकमगढ़ गांव के निवासी बाबूराम पुत्र बुधाराम के दो बच्चों महिपाल (5) और पूजा (7) के शव बुधवार रात पानी के टांके में मिले। इस मामले में बाबूराम ने बच्चों की मां अर्थात खुद की पत्नी पर ही अपने बच्चों की हत्या का मामला दर्ज कराया है। इस शिकायत पर पुलिस ने उसकी पत्नी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

डीएसपी कैलाश कंवर ने बताया कि टीकमगढ़ गांव के रहने वाले बाबूराम पुत्र बुधाराम के दोनों बच्चों के शव बुधवार रात पानी के टांके में मिले थे। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को निकालकर बालेसर हॉस्पिटल भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने उन दोनों को मृत घोषित कर दिया। बच्चों की मां मधु देवी से पूछताछ की जा रही है। बच्ची फर्स्ट क्लास में पढ़ती थी।
पिता घर आया तो नहीं मिले बच्चे
बच्चों के पिता बाबूराम पुत्र बुधाराम जाट ट्रक ड्राइवर है। बुधवार सायं 7 बजे वह ट्रक छोड़कर घर लौटा। उसने खाना खाने के बाद अपने बच्चों पूजा और महिपाल के बारे में पूछते हुए कहा कि दोनों दिखाई नहीं दे रहे हैं। इस पर पत्नी मधु ने बच्चों के सो जाने की बात कही। तब उसने देखा तो एक पलंग पर कुछ गर्म कपड़े रखकर उन पर कम्बल डाला हुआ था। इससे ऐसा लग रहा था कि बच्चे कम्बल ओढ़कर सो रहे हैं। इस पर बाबूराम ने कहा कि इतनी गर्मी में बच्चों को कम्बल क्यों ओढ़ा रखा है। यह कहते हुए उसने कम्बल को उठाया तो उसके नीचे बच्चे नहीं मिले।
तब बाबूराम के पूछने पर उसकी पत्नी मधु देवी बोली कि अभी तो बच्चे यहीं पर थे। इस पर बाबूराम ने बाहर जाकर परिवार के सदस्यों को बुलाया और उनके साथ आसपास की ढाणियों में फोन करके बच्चों के बारे में पूछा। मगर कहीं से भी उनके बारे में जानकारी नहीं मिलने पर किसी ने टांके में देख लेने की सलाह दी। इसके बाद रात का अंधेरा होने के कारण टांके में लाठी को घुमाया तो एक बच्चे से लाठी टकरा गई। उसे बाहर निकाला। सूचना पर मिलने पर पुलिस चौकी इंचार्ज एएसआई रुगाराम मौके पर पहुंचे और दूसरे बच्चे को भी बाहर निकालकर बालेसर हॉस्पिटल भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बच्चों के पिता बाबूराम ने बच्चों की मौत का आरोप अपनी पत्नी पर लगाते हुए उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया है। रिपोर्ट में बताया गया है कि वह ट्रक चलाने के कारण ज्यादातर घर से बाहर ही रहता है। पत्नी से कई सालों से अनबन चल रही है, जिसके चलते आए दिन झगड़ा होता रहता है। पत्नी ने दोनों बच्चो की हत्या कर शव टांके में डाल दिए। पुलिस बच्चों की मां मधु देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
