गुजरात हादसे के बाद जयपुर में प्रशासन की बड़ी कारवाई, एक ही मॉल में संचालित 6 गेम जोन सीज, जांच में मिलीं जानलेवा खामियां
एनसीआई@जयपुर
गुजरात के राजकोट में एक गेम जोन में कल शनिवार को आग लगने से हुई 28 लोगों की मौत के बाद जयपुर प्रशासन ने भी रविवार को सजगता बरतते हुए एहतियातन कार्रवाई की। इसके तहत नगर निगम ग्रेटर की टीम ने शहर में चल रहे गेम जोन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खामियां मिलने पर झोटवाड़ा के ट्राइटन मॉल में संचालित 6 गेम जोन को सीज कर दिया गया।
नगर निगम ग्रेटर के चीफ फायर ऑफिसर गौतम लाल ने बताया-शहर के अलग-अलग 8 गेम जोन का निरीक्षण किया गया। इस दौरान झोटवाड़ा स्थित ट्राइटन मॉल में अलग-अलग छह गेम जोन (हॉरर हाउस, भूत बंगला, हंसी का फव्वारा, नया अजूबा, कांच का महल, डार्क वर्ल्ड) में भारी अनियमितताएं पाई गईं। इनमें प्लास्टिक, कागज और थर्माकोल के साथ लकड़ी का भारी मात्रा में इस्तेमाल किया गया था। यही नहीं आग बुझाने के पर्याप्त संसाधन भी नहीं थे। इसके बाद टीम ने इन सभी छह गेम जोन को सीज कर दिया। इस दौरान निगम की टीम के साथ पुलिस भी मौजूद रही।

दो जगह व्यवस्था सही मिली
गौतम लाल ने बताया- इसके साथ 200 फीट बाईपास पर स्थित पूनो और टोंक रोड स्थित हॉपअप पर भी हमारी टीम ने निरीक्षण किया। मगर इनमें व्यवस्था सही पाई गई। अब हमारी टीम सोमवार को भी अलग-अलग जगह निरीक्षण करेगी। किसी भी तरह की अनियमितता और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ग्रेटर की फायर शाखा उपायुक्त सरिता मील ने बताया- गुजरात में हुए हादसे के बाद आज हमारी टीम ने शहर में चल रहे गेम जोन का निरीक्षण किया। जो गेम जोन सीज किए गए, इनमें लकड़ी और ज्वलनशील पदार्थ का भारी मात्रा में उपयोग किया गया है। जो फायर फाइटिंग सिस्टम लगा था, वह सही काम नहीं कर रहा था। इनके पास फायर एनओसी भी नहीं थी। इसके बाद टीम ने अलग-अलग 6 गेम जोन को सीज कर दिया है।
आग बुझाने के लिए पर्याप्त उपकरण नहीं मिले
नगर निगम फायर शाखा के अध्यक्ष पारस जैन ने बताया- शुरुआती तौर पर आज हम झोटवाड़ा के ट्राइटन मॉल में आए थे, जहां भारी गड़बड़ी सामने आई है। यहां आग लगने के बाद उसे बुझाने के लिए पर्याप्त उपकरण तक उपलब्ध नहीं थे।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
पारस जैन ने कहा- अब गेम जोन के साथ शहर में चल रहे शॉपिंग मॉल, थिएटर और हाई राइज बिल्डिंग का भी निरीक्षण करेंगे, ताकि किसी भी अनहोनी को रोका जा सके।
