April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

सलमान खान के घर फायरिंग मामला: मुम्बई पुलिस ने राजस्थान के बूंदी से दबोचा एक और आरोपी

सलमान खान के घर फायरिंग मामला: मुम्बई पुलिस ने राजस्थान के बूंदी से दबोचा एक और आरोपी

सलमान खान फायरिंग केस में बड़ी अपडेट सामने आई है। इसके अनुसार सलमान खान को जान से मारने की धमकी देने वाले मामले में मुम्बई पुलिस ने एक नया केस रजिस्टर किया है। इस मामले में पुलिस ने राजस्थान के बूंदी जिले से एक और युवक को गिरफ्तार किया है।

एनसीआई@मुम्बई/बूंदी

सलमान खान के घर पर फायरिंग मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। इसके अनुसार मुम्बई पुलिस ने एक नया केस दर्ज किया है। इसमें सलमान खान को धमकी देने के आरोप में राजस्थान के बूंदी जिले की हिंडोली तहसील के दबलाना थाना क्षेत्र के फजलपुर गांव निवासी एक 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है।

दरअसल, केस दर्ज करने के बाद बिना देर किए मुम्बई पुलिस की एक टीम इन्वेस्टिगेशन के लिए राजस्थान पहुंची। यहां से उनकी टीम ने बनवारी लाल पुत्र लटूर लाल गुर्जर को गिरफ्तार किया। इसके बाद वह उसे मुम्बई लेकर रवाना हो गई। वहां उससे पूछताछ की जाएगी। इसमें जो तथ्य निकाल कर सामने आएंगे, उसी के अनुसार आगे कार्रवाई होगी।

बूंदी एसपी ने यह जानकारी दी

इस मसले पर बूंदी एसपी हनुमान प्रसाद मीना ने बताया कि मुम्बई पुलिस ने जिले के हिंडोली इलाके के निवासी बनवारीलाल पुत्र लटूरलाल गुर्जर को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से प्रभावित था। बनवारी लाल ने पूछताछ में कहा कि वह इस मामले में शामिल है।

सलमान खान को मारने की दी थी धमकी

मुम्बई क्राइम ब्रांच के मुताबिक, आरोपी बनवारीलाल गुर्जर ने एक यूट्यूब चैनल ‘अरे छोड़ो यार’ पर बिश्नोई गैंग द्वारा सुपरस्टार भाईजान की हत्या के खतरनाक प्लान की जानकारी को शेयर किया था, जिसके बाद सोशल मीडिया पर हड़कम्प मच गया था।

सलमान खान को जान से मारने की धमकी मिलने के बाद मुम्बई साइबर सेल ने आरोपी के खिलाफ धारा 506 (2), 504, 34 और IT Act 66 (d) के तहत मामला दर्ज किया है।

यह है मामला

क्राइम ब्रांच आरोपी बनवारी लाल गुर्जर को राजस्थान से ले जाकर मुम्बई के किला कोर्ट में पेश करेगी। वहीं इससे पहले भी सलमान खान को राजस्थान के कुख्यात गैंगस्टर रहे आनंदपाल गैंग से धमकी मिली थी। उल्लेखनीय है कि 14 अप्रेल को सलमान खान के बांद्रा स्थित घर गैलेक्सी अपार्टमेंट पर फायरिंग हुई थी। इस घटना के बाद से मुम्बई पुलिस आए दिन अपडेट शेयर कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.