नवनिर्वाचित सांसद के स्वागत समारोह में पूर्व सांसद को मारने दौड़े पूर्व प्रधान, काफी देर तक चलता रहा बवाल
एनसीआई@बाड़मेर
जिले के धोरीमन्ना में आज सोमवार शाम नवनिर्वाचित सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल के स्वागत समारोह के दौरान बड़ा बवाल हो गया। कांग्रेस के इस कार्यक्रम के दौरान मंच पर ऐसी तकरार हुई कि पूर्व प्रधान ताजाराम बाड़मेर के पूर्व सांसद कर्नल सोनाराम को बोतल से मारने के लिए दौड़ पड़े। मारपीट की नौबत आ गई। ऐसे में सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल सहित अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर पूर्व प्रधान को रोका।

इस बवाल की शुरुआत तब हुई जब मंच पर बोलते हुए पूर्व सांसद सोनाराम ने विधानसभा चुनाव-2023 का जिक्र करते हुए कहा कि गुड़ामालानी में 6-7 माह पहले बीजेपी को वोट दिए थे। मनोहर विश्नोई (धोरीमन्ना सरपंच ) सुन रहे हो ना, जो ट्रेडिशन है, यह ठीक नहीं है। मैं किसी से डरता नहीं हूं। मैंने किसी से पैसा नहीं लिया और न ही किसी से अन्याय किया। अगर किया हो तो बताओ। मेरे पास सब फाइल है कि विधानसभा चुनाव में किसने क्या किया? पूर्व सांसद ने कहा कि लड़ना है तो सामने से लड़ो, साथ रहकर धोखा देना, पीठ पीछे छुर्रा घोंपना शोभा नहीं देता।
बढ़ती गई गर्मा-गर्मी
सोनाराम ने आगे कहा- हार-जीत होती रहती है। गाली निकालते हैं कि कर्नल ऐसा है, वैसा है। कैलाश बेनीवाल (पूर्व प्रत्याशी) अभी कह रहे थे, चुनाव होते हैं तो नजर आते हैं, लेकिन फिर नजर नहीं आते हैं। पैसे की बात की थी, वो क्लियर करना चाहिए। किसने पैसे दिए और किसने मांगे। अब मुझे सलाह दे रहे हो, देने या नहीं देने।
चोर की दाढ़ी में तिनका
सोनाराम के इस भाषण के बीच धोरीमन्ना के पूर्व प्रधान ताजाराम उठे और बोले कि पहले गाड़ियों के पैसे दे दो। इस पर कुछ लोगों ने पूर्व प्रधान को बैठाने का प्रयास किया। तब कर्नल सोनाराम बोले- देखो चोर की दाढ़ी में तिनका। यह कहावत आपने सुनी होगी। बात गाड़ियों की कर रहे हो, आपने जो मेरे बेटे से पैसे लिए, वो दे दो वरना मैं ले लूंगा।

इसके बाद पूर्व प्रधान पानी की बोतल हाथ में लेकर पूर्व सांसद की तरफ बढ़े। तभी मंच पर बैठे लोगों ने रोका। इस दौरान पूर्व प्रधान के समर्थकों ने सोनाराम के खिलाफ नारेबाजी करनी शुरू कर दी। उन्हें मंच से हटाए जाने की बात कहने लगे।
इस पर सोनाराम बोले कि किसकी तानाशाही है। मेरा भाषण पूरा नहीं हुआ। तब पूर्व विधायक पदमाराम मेघवाल ने कहा कि सांसद का स्वागत करने आए हो, अच्छा माहौल है, खराब मत करो। लोगों से बैठने का आग्रह किया। इसके बाद कर्नल सोनाराम फिर से बोलने लगे तो लोगों ने विरोध शुरू कर दिया।मामला बढ़ता देख सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल उठे और समर्थकों को अपनी कसम दिलाकर उन्हें शांत कराया।

मेरी कसम, एक शब्द नहीं निकालोगे
सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने माइक पकड़ा और कहा कि आज इस प्रोग्राम में पहले की बात कोई नहीं लाएगा। आपको प्रोग्राम रखना नहीं चाहिए था। अगर अब सभी आए हैं तो सबकी बात सुनो, कर्नल सोनाराम चौधरी हमारे सीनियर, सम्माननीय और आदरणीय हैं। हेमाराम चौधरी सहित पूरा मंच आदरणीय है। इस तरह की बात करनी है तो बहुत टाइम पड़ा है, कर लेना। आप शांति से बैठें, आपको मेरी कसम है। आप सभी एक शब्द नहीं निकालोगे।
उल्लेखनीय है कि गत वर्ष कर्नल सोनाराम ने गुड़ामालानी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। इसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। उस समय के पैसे के लेनदेन का कोई मसला था। यही उनके गुस्से का कारण बना।
