दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल को कोर्ट से मिली जमानत, मनी लॉन्ड्रिंग केस में हैं आरोपी, ईडी देगी जमानत को चुनौती
एनसीआई@नई दिल्ली
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गुरुवार को शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में बड़ी राहत मिल गई है। उन्हें एक लाख रुपए के मुचलके पर जमानत देने के आदेश दे दिए गए हैं। ईडी ने जमानत के विरोध के लिए 48 घंटे का समय मांगा है। कोर्ट ने कहा है कि ये दलीलें कल शुक्रवार को ड्यूटी जज के सामने की जा सकती है। राउज एवेन्यू कोर्ट ने कहा कि एक लाख रुपए के मुचलके पर कल केजरीवाल तिहाड़ जेल से बाहर आ सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोपी बनाए गए थे। ईडी ने उन्हें इसमें आरोपी बनाया था और शराब घोटाला मामले में 21 मार्च को गिरफ्तार किया था।
इसके पहले केजरीवाल को मई में लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए जेल से बाहर आने की छूट मिली थी। इसके 21 दिन बाद 2 जून को चुनाव खत्म होते ही उन्हें तिहाड़ जेल में सरेंडर करने का आदेश दिया गया था। मगर, अब उन्हें रेगुलर बेल मिल गई है। इस फैसले को लेकर आम आदमी पार्टी में भारी खुशी का माहौल है।
