मुम्बई में आइसक्रीम में निकली थी उंगली, पुलिस के हाथ लगा इसका अहम सुराग
मुम्बई में कोन आइसक्रीम में इंसान की उंगली निकलने के मामले में पुलिस को अहम सबूत मिल गया है। पुलिस ने उस फेक्ट्री में जाकर छानबीन की, जहां आइसक्रीम बनाई गई थी। वहां पता चला कि एक कर्मचारी के हाथ की उंगली कुछ दिन पहले काम करते समय कट गई थी। अब पुलिस इन दोनों कड़ियों को जोड़कर देख रही है और उस व्यक्ति और कटी उंगली के डीएनए को मैच के लिए भेजा गया है।
एनसीआई@मुम्बई
मलाड इलाके कुछ दिन पूर्व एक डॉक्टर के द्वारा ऑनलाइन ऑर्डर कर घर मंगाई गई कोन आइसक्रीम में मिली उंगली के मामले में पुलिस को एक अहम सुराग मिला है। जांच में पता चला है कि यह आइसक्रीम पुणे की एक फेक्ट्री में बनी थी। जब वहां छानबीन की गई तो पता चला कि इस फेक्ट्री में काम करने वाले एक कर्मचारी की मिडल फिंगर काम करते समय कट गई थी।
पुलिस को शक है कि आइसक्रीम में मिली उंगली फेक्ट्री में काम करने वाले उसी कर्मचारी की है। इसलिए पुलिस ने उस व्यक्ति का डीएनए सेम्पल जांच के लिए एफएसएल को भेजा है। अगर कटी उंगली और फेक्ट्री में काम करने वाले इस कर्मचारी का डीएनए मैच कर जाता है तो, मामले का खुलासा हो जाएगा।
यह है मामला
उल्लेखनीय है कि मुम्बई के मलाड इलाके में 13 जून को एक डॉक्टर ने ऑनलाइन कोन आइसक्रीम का ऑर्डर किया था। आइसक्रीम आने पर जब वह आइसक्रीम खाने लगे तो कुछ अजीब सा महसूस हुआ। इस पर उन्होंने जब आइसक्रीम के अंदर गौर से देखा तो उसमें इंसान की कटी हुई अंगुली दिखी। इससे वह सन्न रह गए। उन्होंने तुरंत मामले की जानकारी मलाड पुलिस स्टेशन को दी। इस खबर के सामने आने के बाद सनसनी मच गई।
ऐसे चली जांच और मिला सुराग
इधर, पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई थी। वह यह पता कर रही थी कि आखिर कोन आइसक्रीम में इंसानी उंगली आई कहां से? इसके लिए पहले तो उंगली को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया। फिर यह पता लगाया गया कि आइसक्रीम को कहां से ऑर्डर किया गया था और इसे कहां बनाया गया था? अब पता चला है कि जिस फेक्ट्री में आइसक्रीम बनी थी, वहां के एक कर्मचारी की उंगली काम करते वक्त कट गई थी।
