April 17, 2026

News Chakra India

Never Compromise

अष्टधातु की 21 फीट की हनुमान गदा पहुंची पाली, उदयपुर से 3 साल की भारत यात्रा पर निकले रथ में है स्थापित, 84 फीट की 11 मुखी प्रतिमा है यह

अष्टधातु की 21 फीट की हनुमान गदा पहुंची पाली, उदयपुर से 3 साल की भारत यात्रा पर निकले रथ में है स्थापित, 84 फीट की 11 मुखी प्रतिमा है यह

एनसीआई@पाली

उदयपुर से 3 साल की भारत यात्रा पर रवाना हुई विशालकाय हनुमान गदा की रथ यात्रा आज सोमवार को यहां पहुंची। 21 फीट की अष्टधातु से बनी इस हनुमान गदा देख लोग रोमांचित हो उठे। हर कोई वाहन पर रखी विशाल गदा के साथ फोटो खिंचवाने के लिए उत्साहित दिख रहा थ। महिलाओं ने गदा की पूजा की और आरती उतारी। वहीं लोग गदा के पास खड़े होकर नाचते-झूमते नजर आए।

पाली पहुंचने पर हनुमान गदा रथयात्रा का जगह-जगह भक्तों ने फूल बरसा कर स्वागत किया। इस रथयात्रा में शामिल सदस्य सोमवार रात पाली के बजरंग बाग में विश्राम करेंगे। इसके बाद मंगलवार को जत्था जोधपुर के लिए रवाना होगा। गदा का निर्माण उदयपुर की कंचन सेवा संस्थान ने कराया है।

हनुमान धाम में ही बनी गदा, मूर्ति भी वहीं बन रही

संस्थान सदस्य डॉ. छैल बिहारी शर्मा ने बताया- उदयपुर में भटेवर-मेनार के बीच एयरपोर्ट रोड पर रुंडेडा गांव में हनुमान धाम तैयार हो रहा है। यहीं मूर्तिकार 84 फीट की 11 मुखी हनुमान प्रतिमा का निर्माण कर रहे हैं। 84 लाख योनियों के प्रतीक के रूप में हनुमान प्रतिमा की ऊंचाई 84 फीट तय की गई है। उन्होंने कहा-यह विश्व की एकमात्र 11 मुखी हनुमान प्रतिमा होगी।

उन्होंने बताया- प्रतिमा के लिए अष्टधातु निर्मित 21 फीट की गदा एक साल में बनकर तैयार हुई है। गदा का निर्माण भी कारीगरों ने हनुमान धाम, उदयपुर में ही किया गया था। सितम्बर 2023 में उदयपुर के रुंडेडा गांव स्थित धाम से हनुमान गदा के साथ रथयात्रा रवाना हुई थी।

यह हनुमान गदा रथ यात्रा उदयपुर से डूंगरपुर- भीलवाड़ा- बांसवाड़ा- राजसमंद होते हुए रथयात्रा पाली पहुंची है। इससे आगे यह जोधपुर जाएगी।

पूरे भारत का भ्रमण करेगी हनुमान गदा

रथयात्रा भारत भ्रमण पर निकली है। इसे दोबारा उदयपुर पहुंचने में 3 साल लगेंगे। 2027 में रथयात्रा हनुमान धाम, उदयपुर पहुंचकर पूरी होगी।

संस्थान सदस्य डॉ. छैल बिहारी शर्मा ने बताया- हनुमान धाम में दुनिया की सबसे बड़ी हनुमान प्रतिमा स्थापित होने जा रही है। हनुमान प्रतिमा के लिए ही अष्टधातु की गदा बनवाई गई है। गदा का वजन 1001 किलो है। प्रतिमा बनने के बाद इसे अटैच किया जाएगा।

अयोध्या के लिए गत दिनों गया था धनुष और गदा

उल्लेखनीय है कि सिरोही जिले के शिवगंज से अयोध्या के लिए रवाना हुआ पंचधातु से निर्मित धनुष और गदा 13 जून को पाली से होकर शिवगंज की श्रीजी सनातन सेवा संस्थान के नेतृत्व में निकला था। राम धनुष की लम्बाई 11 फीट, चौड़ाई 31 फीट और वजन 1100 किलो है और हनुमान गदा की लम्बाई 26 फीट और चौड़ाई 12 फीट और वजन 1600 किलो है। यह यात्रा 17 जून को अयोध्या पहुंची थी।

पाली में हनुमान गदा पहुंची तो महिलाओं ने उसका पूजन किया। वहीं, सभी शहरवासियों ने उसका स्वागत किया। हनुमान गदा का रथ विशेष तौर पर तैयार किया गया है। कार के बोनट पर भारत का मैप है, जिसमें प्रस्तावित रोड मैप है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.