अस्थियां विसर्जित कर लौट रहे व्यापारी के परिवार की कार की केंटर से भिड़ंत, मां-बेटे और देवरानी-जेठानी की मौत, दो भाई गम्भीर घायल
एनसीआई@नीम का थाना (राजस्थान)
हरिद्वार में अस्थियां विसर्जित कर लौट रहे स्थानीय कपड़ा व्यापारी के परिवार की कार केंटर से टकरा गई। इस भीषण हादसे में मां-बेटे और देवरानी-जेठानी की मौत हो गई। वहीं दो भाई गम्भीर घायल हो गए। यह हादसा हरियाणा के गुरुग्राम में कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेस-वे पर आज सोमवार दोपहर सवा बारह बजे करीब हुआ।

हरियाणा पुलिस ने बताया- हादसे में हसामपुर, नीम का थाना निवासी ब्रजेश कौशिक (52), उनकी पत्नी सुनीता (48), मां कमला देवी (82) और भाभी किरण (46) पत्नी राकेश की मौत हो गई। वहीं राकेश कौशिक के दो बेटे हिमांशु और आकांशु घायल हो गए। इनका गुरुग्राम के निजी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।
ऐसे हुआ हादसा
पुलिस ने बताया कि सेवानिवृत सरकारी कर्मचारी रुडमल कौशिश (97) का 5 दिन पहले निधन हो गया था। उनकी अस्थियां विसर्जित करने के लिए परिवार के लोग दो कारों से हरिद्वार गए थे। इसके बाद वे हरिद्वार से गांव लौट रहे थे। एक कार फर्रुखनगर केएमपीए के पास एग्जिट पॉइंट से गुरुग्राम की तरफ जा रही थी।

इस कार के ड्राइवर ने सामने चल रहे केंटर को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसमें कार केंटर के साइड से टकरा गई। इसके बाद तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर पलटी खाती चली गई। इस भीषण हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। आसपास के लोगों ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। तब तक चार लोगों की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दो घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इस हादसे पता लगने पर परिवार के बाकी लोग दूसरी कार से घटनास्थल पर पहुंचे।

बताया गया है कि दोनों कारों में से एक कार काफी आगे निकल गई थी। ऐसे में पीछे रह जाने वाली गाड़ी उसका पीछा कर रही थी। इसी दौरान यह हादसा हो गया। पड़ोसियों ने बताया कि परिवार दो कारों से रविवार को हरिद्वार के लिए रवाना हुआ था। हादसे में मौत का शिकार हुए ब्रजेश का हसामपुर में ही रेडीमेड कपड़ों का बिजनेस था।
