बूंदी में भीषण सड़क हादसा: 6 लोगों की मौत, मध्य प्रदेश से खाटू श्याम दर्शन करने जा रहे थे कार सवार, केशवरायपाटन में दो बाइक सवारों की मौत, मवेशियों से टकराने से हुआ हादसा
एनसीआई@बूंदी
जिले के हिंडोली कस्बे में नेशनल हाईवे 52 पर रविवार तड़के 3 बजे करीब भीषण सड़क हादसा हो गया। इसमें बजरी से भरे डम्पर ने एक ईको कार को टक्कर मार दी। इससे कार के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई और 3 अन्य गम्भीर घायल हो गए। सभी श्रद्धालु मध्य प्रदेश से खाटू श्याम दर्शन करने जा रहे थे। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा हिंडोली कस्बे के पास लघधरिया भेरू पुलिया के पास हुआ है। एक तेज रफ्तार डम्पर ने खाटू श्याम जा रही मध्यप्रदेश के श्रद्धालुओं से भरी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य गम्भीर घायलों को बूंदी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों और घायलों की हुई पहचान
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के देवास से ईको कार में सवार होकर सभी लोग खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए जा रहे थे। कार सवार ये सभी लोग अलग-अलग इलाके के थे। इस हादसे में महेश नायक, राजेश नायक, मदन नायक, राजेश नायक, पूनम नायक और एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं प्रदीप, मनोज नायक व अनिकेत नायक गम्भीर घायल हैं। शवों का परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम होगा। पुलिस ने उन्हें सूचित कर दिया है।
थाना अधिकारी ने यह बताया
हिंडोली थाना प्रभारी पवन मीणा ने बताया कि ‘हादसा हाइवे पर लघधरिया भेरू पुलिया के पास हुआ है। इसमें ईको कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों को बूंदी जिला अस्पताल भेजा गया है। मृतकों के शव भी जिला अस्पताल की मोर्चरी में भेजे गए हैं। इनका परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम होगा।’
इधर, केशवरायपाटन इलाके में मवेशी से टकराई बाइक, दो की मौत
बूंदी जिले के केशवरायपाटन इलाके के कापरेन में जलझूलनी एकादशी पर डोल यात्रा देखकर शनिवार देर रात घर लौट रहे लोगों की बाइक मवेशियों से टकरा गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। हादसा कोटा-लालसोट मेगा हाईवे पर लाखेरी बाईपास के पास हुआ। मृतकों की पहचान छाड़गांव के जुगल किशोर गुर्जर और रणजीत मेघवाल के रूप में हुई।
