ऋषिकेश में सत्यनिष्ठ आर्य के नाम से साधु बनकर रह रहा था बांग्लादेशी सानिउर रहमान, पुलिस ने किया गिरफ्तार, एक सप्ताह में दूसरा संदिग्ध बांग्लादेशी पकड़ा
ऋषिकेश में एक बांग्लादेशी मुस्लिम साधु बनकर रह रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसका असली नाम सानिउर रहमान है, जो सत्यनिष्ठ आर्य नाम से वहां रह रहा था।
एनसीआई@देहरादून
उत्तराखंड पुलिस ने ऋषिकेश में एक बांग्लादेशी मुस्लिम को गिरफ्तार किया है, जो वहां साधु बनकर रह रहा था। इसका असली नाम सानिउर रहमान है, मगर यह सत्यनिष्ठ आर्य के नाम से साधु वेष में यहां रह रहा था। सनातन धर्म में इस तरह के कालनेमियों की घुसपैठ किसी बड़े षडयंत्र की ओर इशारा है।
एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल ने बताया कि एक सूचना के आधार पर चलाए गए सत्यापन अभियान में ऋषिकेश लक्ष्मण झूला पुलिया के साथ स्थानीय अभिसूचना विभाग की टीम ने सत्यनिष्ठ आर्य नाम के व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने आधार कार्ड सत्यम इनक्लेव गाजियाबाद पते का दिखाया। संदेह होने पर पुलिस ने जब सख्ती की और उसके कमरे की तलाशी ली तो मालूम हुआ कि उसका वास्तविक नाम सानिउर रहमान है, जो बंग्लादेशी नागरिक है। इसका वास्तविक पता बैसड़ी मधुखाली फरीदपुर बांग्लादेश है, जो कि उसके पास से बरामद पासपोर्ट में दर्ज है।
भारत में 8 साल से अवैध रूप से रह रहा
आरोपी सानिउर रहमान के पासपोर्ट की मियाद 2018 में समाप्त हो चुकी है, अर्थात वह 8 साल से यहां अवैध रूप से रह रहा था। पूछताछ में मालूम हुआ कि वह नेपाल के रास्ते 2016 में भारत आया था। इसके बाद वह यहां बंगाल और उत्तर प्रदेश में भी रहा। प्रभारी निरीक्षक सूर्य भूषण नेगी के अनुसार, आरोपी से अभी और गहनता से पूछताछ की जा रही है कि उसने आखिरकार साधु वेश धारण करके किस-किस से सम्पर्क किया था।
इस गिरफ्तारी के साथ योग नगरी ऋषिकेश में पिछले एक हफ्ते में दो बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया जा चुका है। क्या ये बांग्लादेशी यहां किसी बड़े षड़यंत्र को अंजाम देने की फिराक में थे, सुरक्षा एजेंसियां इस ओर गहनता से छानबीन कर रही हैं।
सानिउर रहमान खुद को एक हिन्दू धर्म प्रचारक के रूप में पेश करता था और धर्म एवं दर्शन पर व्याख्यान देता था। रिपोर्टों के अनुसार, वह सोशल मीडिया पर भी सक्रिय था और गाजियाबाद में एक दक्षिणपंथी संगठन से भी जुड़ा हुआ था।
कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और विदेशी अधिनियम की सम्बंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
