सोहनी फुलकारी पंजाबी वुमेन सोसायटी ने धूमधाम से मनाया बैसाखी उत्सव, गिद्दा-भांगड़ा के साथ बच्चों ने भी पंजाबी गीतों पर दी जोरदार प्रस्तुतियां
एनसीआई@कोटा
सोहनी फुलकारी पंजाबी वुमेन सोसायटी की ओर से बैसाखी पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह से मनाया गया। इस रंगारंग कार्यक्रम में संस्था की सभी सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। गिद्दा-भांगड़ा की शानदार प्रस्तुतियों के साथ-साथ बच्चों ने भी पंजाबी गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया।
इस अवसर पर संस्था की नई कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। रचना चावला ने विधिवत रूप से अपना पद नई अध्यक्ष डेजी नरूला को सौंपा। इस नई कार्यकारिणी में कविता गम्भीर को सचिव नियुक्त किया गया। नई टीम का गठन आगामी दो वर्षों के लिए किया गया है। संस्था ने दो वर्षों से नियमित रूप से शुल्क जमा करने वाले सदस्यों को उपहार देकर सम्मानित भी किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सरदारनी राजेन्द्र कौर भसीन एवं माताजी नीति अम्बा जी (श्री कुलम शक्तिपीठ) मौजूद रहीं। इनकी गरिमामयी मौजूदगी ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। सभी बोर्ड मेम्बर्स ने मिलकर कार्यक्रम में आए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। सभी के सहयोग से यह आयोजन अत्यंत सफल रहा। सभी ने इसका भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम का शानदार संचालन पुखराज भाटिया ने किया। अंत में टीम ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी इसी तरह सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहेगा।
