राजस्थान: पचपदरा रिफाइनरी में भीषण आग, प्रधानमंत्री का दौरा स्थगित, लोकार्पण से 24 घंटे पहले एक यूनिट में हुआ यह हादसा, आसमान में धुएं का गुबार
बाड़मेर की पचपदरा रिफाइनरी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकार्पण कार्यक्रम से एक दिन पहले सोमवार दोपहर को भीषण आग लग गई। फिलहाल फायर फाइटिंग टीम आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटी हुई है। इस हादसे के बाद मोदी का दौरा स्थगित कर दिया गया है।
एनसीआई@बालोतरा/पचपदरा
राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा में स्थित ऑयल रिफाइनरी का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कल मंगलवार (21 अप्रेल) को लोकार्पण किए जाने से ठीक एक दिन पहले आज दोपहर को रिफाइनरी परिसर की एक यूनिट में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठते ही परिसर में अफरा-तफरी मच गई और आसमान काले धुएं के गुबार से भर गया। इससे प्रशासन ही नहीं राज्य सरकार तक में हड़कम्प मच गया। इस हादसे के बाद प्रधानमंत्री का दौरा स्थगित कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर को रिफाइनरी की एक विशेष यूनिट में अचानक स्पार्किंग या अन्य कारणों से आग भड़क उठी। यहां उल्लेखनीय है कि कल मंगलवार को होने वाले प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर पूरी रिफाइनरी को छावनी में तब्दील किया हुआ था। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात हैं। ऐसे में भी इस तरह की बड़ी घटना ने तकनीकी टीम और प्रशासन के पसीने छुड़ा दिए।

फायर सेफ्टी सिस्टम सक्रिय, बुझाने के प्रयास तेज
आग लगते ही रिफाइनरी का इन-हाउस फायर सेफ्टी सिस्टम तुरंत सक्रिय हो गया। मौके पर मौजूद दर्जनों दमकल गाड़ियां और हाइड्रेंट सिस्टम के जरिए आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। धुएं की तीव्रता इतनी अधिक है कि इसे कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता है। रिफाइनरी और जिला प्रशासन के उच्चाधिकारी घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे और स्थिति की मॉनिटरिंग शुरू की।

सुरक्षा व्यवस्था और वीवीआईपी प्रोटोकॉल पर सवाल
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कल यहां भव्य कार्यक्रम प्रस्तावित है, जिसके लिए एसपीजी (SPG) और राजस्थान पुलिस ने सुरक्षा का कड़ा घेरा बना रखा है। लोकार्पण से ठीक पहले हुई इस घटना ने कई गम्भीर सवाल खड़े कर दिए हैं:-
• क्या यह कोई तकनीकी खामी है या सुरक्षा में चूक?
• रिफाइनरी के संवेदनशील जोन में आग लगने का वास्तविक कारण क्या है?

अधिकारियों में मचा हड़कम्प, कारणों का खुलासा नहीं
फिलहाल प्राथमिकता आग को पूरी तरह बुझाने और उसे अन्य यूनिट्स तक फैलने से रोकने की है। आग लगने के सटीक कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। एचपीसीएल (HPCL) और राजस्थान रिफाइनरी के तकनीकी विशेषज्ञ मौके पर डेमेज कंट्रोल में जुटे हुए हैं। गनीमत यह है कि अभी तक किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है, लेकिन करोड़ों की मशीनरी को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।

