स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार महिला व नाबालिग सहित तीन की मौत, शादी समारोह में मजदूरी करने जा रहे थे
एनसीआई@बीकानेर
गंगाशहर थाना क्षेत्र में स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई। तीनों शादी समारोह में काम करने के लिए जा रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। वहीं महिला के हाथ-पैर टूट गए। महिला और एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि नाबालिग की इलाज के दौरान मौत हुई। यह हादसा सोमवार तड़के करीब 4 बजे पलाना गांव की ओर जाते समय धारणिया पेट्रोल पम्प से थोड़ा आगे हुआ।

जानकारी के अनुसार, बाइक पर लेखराम, भंवरी देवी और नाबालिग कुलदीप सवार थे। तीनों किसी विवाह समारोह में मजदूरी के लिए पलाना गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को चपेटे में ले लिया। यह हादसा इतना भीषण था कि लेखराम और भंवरी देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गम्भीर घायल कुलदीप को पीबीएम हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, तीनों मृतक आपस में रिश्तेदार नहीं थे।
पुलिस ने शवों को मॉर्च्युरी में रखवाया
घटना की सूचना मिलते ही गंगाशहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पीबीएम हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया। घायल कुलदीप को भी पुलिस की मदद से हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

समाजसेवियों ने एम्बुलेंस से पहुंचाया
घटना की जानकारी मिलने पर खिदमतगार खादिम सोसायटी असहाय सेवा संस्थान के हाजी जाकिर, हाजी नसीम, राजकुमार खड़गावत, जुनैद खान, रमजान, इमरान, अयूब, हाजी मलंग बाबा, शकील और शाएब एम्बुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे। इन्हीं लोगों ने पुलिस के निर्देशन में शवों को पीबीएम हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में पहुंचाया, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए।
