April 19, 2026

News Chakra India

Never Compromise

जयपुर में नशे में धुत्त फेक्ट्री मालिक ने एसयूवी से 9 लोगों को कुचला, एक महिला सहित 3 की मौत, करीब 7 किलोमीटर बेतहाशा दौड़ाई गाड़ी, पुलिस ने लोगों की मदद से पकड़ा

जयपुर में नशे में धुत्त फेक्ट्री मालिक ने एसयूवी से 9 लोगों को कुचला, एक महिला सहित 3 की मौत, करीब 7 किलोमीटर बेतहाशा दौड़ाई गाड़ी, पुलिस ने लोगों की मदद से पकड़ा

एनसीआई@जयपुर

शहर के बीचों-बीच एमआई रोड जैसी व्यस्ततम सड़क से शुरू होकर नशे में धुत्त एक 62 वर्षीय फेक्ट्री मालिक ने सोमवार रात कहर बरपा दिया। करीब 7 किलोमीटर तक बेतहाशा गाड़ी दौड़ाई। इसकी चपेट में आकर पैदल चल रहे व वाहन सवार 9 लोग घायल हो गए। इनमें से एक महिला सहित 3 लोगों की मौत हो गई, बाकी 6 की भी गम्भीर हालत है।

ऐसे चला घटनाक्रम

पुलिस के अनुसार सबसे पहले शहर की एमआई रोड पर एक तेज रफ्तार कार के वाहनों को टक्कर मारने की जानकारी मिली। इसके बाद यह कार शहर की तंग गलियों में घुस गई। इसने सबसे ज्यादा कहर नाहरगढ़ थाना क्षेत्र में बरपाया। यहां से करीब एक किलोमीटर दूर कार संकरी गलियों में फंसी, तब लोगों की मदद से पुलिस ने आरोपी ड्राइवर पकड़ लिया। कार ड्राइवर उस्मान खान (62) से फिलहाल पूछताछ की जा रही है। पुलिस उसके बेक ग्राउंड की जानकारी भी जुटा रही है।

एडिशनल डीसीपी (नॉर्थ) बजरंग सिंह शेखावत ने बताया कि आरोपी ड्राइवर उस्मान खान (62) ने सबसे ज्यादा टक्कर करीब 500 मीटर के एरिया में मारी है। नाहरगढ़ थाना क्षेत्र में संतोष माता मंदिर के पास उसने पहले स्कूटी-बाइक को टक्कर मारी, फिर सड़क पर गिरे लोगों को कुचलते हुए भाग गया। उस्मान ने थाने के बाहर खड़ी गाड़ियों को भी टक्कर मारी है।

पुलिस गिरफ्तार में आरोपी उस्मान।
पुलिस गिरफ्त में आरोपी उस्मान।

ये लोग हुए हादसे का शिकार

इस हादसे में शास्त्री नगर निवासी वीरेंद्र सिंह (48) व ममता कंवर (50), नाहरगढ़ रोड निवासी मोनेश सोनी (28), मानबाग खोर, शारदा कॉलोनी निवासी मोहम्मद जलालुद्दीन (44) घायल हुए। वहीं, संतोषी माता मंदिर के पास की निवासी दीपिका सैनी (17), गोविंदराव जी का रास्ता निवासी विजय नारायण (65), जेबुन्निशा (50), अंशिका (24) व लालदास का खाड़ा निवासी अवधेश पारीक (37) को भी घायल हालत में हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टर्स ने ममता कंवर और अवधेश को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मंगलवार सुबह एक और घायल वीरेंद्र सिंह ने भी दम तोड़ दिया।

लोहे के पलंग बनाने की है फेक्ट्री

नाहरगढ़ रोड पर कार की चपेट में आने वाले 6 अन्य घायलों की हालत काफी गम्भीर है। उन्हें सवाई मानसिंह हॉस्पिटल (एसएमएस) के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है।

वहीं, आरोपी उस्मान खान का भी देर रात को ही मेडिकल मुआयना कराया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार वह काफी नशे में था। आरोपी जयपुर के शास्त्री नगर की राणा कॉलोनी का रहने वाला है। उसकी विश्वकर्मा इंडस्ट्रियल एरिया में लोहे के पलंग बनाने की फेक्ट्री है। उसके खिलाफ मृतक महिला ममता कंवर के पित ने एफआईआर दर्ज कराई है।

चार थाना क्षेत्रों की पुलिस तैनात

सोमवार रात हुए इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में काफी गुस्सा है। इसी के चलते नाहरगढ़ रोड व आसपास के क्षेत्रों में चार थानों की पुलिस तैनात की गई है। इस हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक व अधिकारी हॉस्पिटल पहुंच‌ गए थे।

नाहरगढ़ थाना क्षेत्र में अधिक लोग शिकार

इस दुर्घटना में नाहरगढ़ थाना क्षेत्र में सबसे ज्यादा लोग घायल हुए। स्थानीय लोगों ने बताया कि ड्राइवर ने नाहरगढ़ थाने के पास भी एक स्कूटी को टक्कर मारी थी, इस पर सवार तीन लोग भी घायल हुए।

इसके बाद आगे एक स्कूटी व बाइक को टक्कर मारी। फिर संतोषी माता मंदिर के पास लोगों को टक्कर मारी। हादसे के बाद लोग कार के पीछे भागे। पुलिस की मौजूदगी में लोगों की भीड़ को देखकर ड्राइवर उस्मान ने दोबारा कार को भगाया। करीब एक किलोमीटर दूर संजय सर्किल पर पुलिस ने कार सहित उसे पकड़ लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.