बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष जोशी का राहुल गांधी पर बड़ा हमला, कहा-‘वो गौ मांस खाकर संसद में महादेव का चित्र लाते हैं, हिन्दू इसे बर्दाश्त नहीं कर सकता’
एनसीआई@दौसा
राजस्थान भाजपा के अध्यक्ष सीपी जोशी ने बुधवार को राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन पर बड़ा आरोप लगा दिया। जोशी ने यहां भाजपा की बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा- ‘वो गौ मांस खाकर संसद में भगवान महादेव का चित्र लेकर आते हैं। हिन्दू समाज इसे बर्दाश्त नहीं कर सकता।’
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने लोकसभा में कई बार भगवान शिव की फोटो प्रदर्शित की थी। साथ ही उन्होंने इस दौरान हिन्दुओं को हिंसक, नफरत फैलाने वाला व असत्य बोलने वाला भी बताया था।

हिन्दू को हिंसक कहने पर चुप नहीं रहेंगे
इस पर प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा- ‘कोई हिन्दू को आतंकी और हिंसक कह देगा तो हम चुप नहीं बैठे रहेंगे। राम मंदिर का विरोध करने पर चुप नहीं बैठे रहेंगे। कोई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के रंग पर बात बनाएगा, यह हम बर्दाश्त नहीं कर सकते। कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में अफवाह फैलाई कि भाजपा की 400 सीट आने पर संविधान बदल देंगे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संसद पहुंचने के बाद संविधान की प्रति को नमन करते हैं।’
कांग्रेस ने बाबा साहब अम्बेडकर को क्या सम्मान दिया?
जोशी ने आगे कहा- ‘1952 में जनसंघ की स्थापना से लेकर आज तक अनेकों कार्यकर्ताओं ने अपना जीवन खपा दिया। कांग्रेस को बताना चाहिए कि उन्होंने बाबा साहब अम्बेडकर को सम्मान देने के लिए कौन से काम किए? कांग्रेस पार्टी बताए कि प्रधानमंत्री की कुर्सी के लिए देश विभाजन किसने कराया और बताना चाहिए कि आधा कश्मीर पाकिस्तान को क्यों दे दिया?’
किसी कारण हम चुनाव में पिछड़ गए
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष जोशी ने कहा- ‘लोकसभा चुनाव में कोई कारण रहा, इससे हम थोड़ा पिछड़ गए। कांग्रेस के लोगों में भ्रम फैलाने का काम किया और उसके पीछे अनेकों ताकतें लगी हुईं थीं।’
किरोड़ी लाल बोले- सामान्य विधायक की तरह आया हूं
बैठक में दौसा विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव की रणनीति पर भी चर्चा हुई। इसके बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. किरोडी लाल मीणा ने कहा- ‘लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने संविधान बदलने का भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह किया, लेकिन वे अब उनकी झूठी बातों को कामयाब नहीं होने देंगे।’
मंत्री पद से इस्तीफा वापस लेने के सवाल पर मीणा बोले-‘लोकसभा चुनाव में हार के बाद मैंने अपनी बात पर कायम रहते हुए इस्तीफा दे दिया था और आज भी अडिग हूं। बिना किसी सरकारी लवाजमे के सामान्य विधायक की हैसियत से बैठक में आया हूं। पार्टी जो भी आदेश देगी, उसकी पालना करूंगा।’
