April 24, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान में दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठन अल कायदा से जुड़े 6 संदिग्ध गिरफ्तार, हथियार चलाने की ट्रेनिंग ले रहे थे, देश के कई इलाकों को दहलाने की थी साजिश

राजस्थान में दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठन अल कायदा से जुड़े 6 संदिग्ध गिरफ्तार, हथियार चलाने की ट्रेनिंग ले रहे थे, देश के कई इलाकों को दहलाने की थी साजिश

एनसीआई@भिवाड़ी

दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने भिवाड़ी के चौपानकी में आतंकी संगठन अल-कायदा से जुड़े हुए 6 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए संदिग्ध भिवाड़ी जिले में ही हथियार चलाने की ट्रेनिंग ले रहे थे। सूत्रों के अनुसार संदिग्धों को दिल्ली ले जाया गया है। फिलहाल तक इस मामले में भिवाड़ी पुलिस और दिल्ली पुलिस ने कोई भी अधिकारिक जानकारी नहीं दी है।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली पुलिस ने गत दिनों एटीएस के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश, राजस्थान और झारखंड के कई शहरों में छापेमारी की थी। इसी ऑपरेशन में अल-कायदा से प्रेरित एक मॉड्यूल (अल-कायदा इन इंडियन सब कॉन्टिनेंट) का खुलासा हुआ था। इसके बाद तीन राज्यों से अब तक कुल 14 संदिग्धों को पकड़ा गया।

शुरुआती जांच के मुताबिक इस मॉड्यूल का संचालन झारखंड की राजधानी रांची का निवासी डॉ. इश्तियाक कर रहा था। यह देश के विभिन्न इलाकों में बड़ी आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने की फिराक में था। इसी उद्देश्य से मॉड्यूल के सदस्यों को विभिन्न स्थानों पर हथियार चलाने की ट्रेनिंग भी दी गई।

इंडस्ट्रियल एरिया में रह रहे थे संदिग्ध

दिल्ली पुलिस को भिवाड़ी में आतंकी गतिविधि की जानकारी मिली थी। इसके बाद बुधवार दोपहर करीब 12 बजे चौपानकी के इंडस्ट्रियल एरिया में दबिश दी गई। जहां सभी 6 संदिग्ध एक साथ रह रहे थे। भिवाड़ी पुलिस को भी इस ऑपरेशन की पहले से जानकारी थी। यहां तक दावा है कि रणनीतिक रूप से स्थानीय पुलिस पहले से ही आरोपियों पर नजर रख रही थी। अभी तक इनकी पहचान का खुलासा भी नहीं हुआ है। इनके तार झारखंड में पकड़े गए आरोपियों से जुड़े हो सकते हैं।

हथियार भी बरामद किए

इधर, भिवाड़ी दौरे पर आए जयपुर रेंज आईजी अनिल कुमार टांक ने बताया-दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने गुरुवार सुबह चौपानकी थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। एटीएस ने भिवाड़ी पुलिस से फोर्स मांगी थी, जो उपलब्ध कराई गई थी। पूरी कार्रवाई दिल्ली स्पेशल पुलिस की थी। वह संदिग्धों को गिरफ्तार कर सीधा दिल्ली ले गई। इनसे हथियार बरामद किए गए हैं। सभी दूसरे राज्यों के रहने वाले हैं। उनका भिवाड़ी से कोई सम्बन्ध नहीं है।

ऐसे बना आतंकी संगठन अल कायदा

अल-कायदा इन इंडियन सब-कॉन्टिनेंट​ (AQIS) की शुरुआत 2014 में पूर्व अल-कायदा चीफ अयमान अल-जवाहिरी ने की थी। पाकिस्तान मूल का असीम उमर इसका शुरुआती सदस्य था। तब अल-जवाहिरी की तरफ से एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें उसने भारत के खिलाफ जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों की बात कही थी।

अब इसकी अगुवाई ओसामा महमूद कर रहा है, जो पाकिस्तान मूल का बताया जाता है। यूएस-अफगान मिलिट्री ऑपरेशन में उमर मारा गया था। इसके बाद 2019 में महमूद ने इसकी बागडोर अपने हाथ में ले ली थी। रिपोर्ट के मुताबिक, इंडियन सब-कॉन्टिनेंट में अल-कायदा के एक संगठन AQIS (अल-कायदा इन इंडियन सब-कॉन्टिनेंट) के 200 लड़ाके मौजूद हैं। इनका सरगना आतंकी ओसामा महमूद है। वहीं, अफगानिस्तान में इस संगठन के 400 लड़ाके हैं। यूएन के एक मेम्बर स्टेट ने दावा किया है कि AQIS क्षेत्र में ISIS के खोरासान प्रॉविंस (ISIL-K) से जुड़ने के लिए तैयार है।

भारत में आतंकी संगठन AQIS कितना एक्टिव

दिल्ली में 2015 में तीन आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद AQIS की भारत में मौजूदगी का पहली बार पता चला था। दिल्ली पुलिस ने बाद में AQIS के आतंकी मौलाना अब्दुल रहमान कासमी को गिरफ्तार किया था।

पुलिस का दावा है कि इस आतंकी संगठन ने झारखंड के जंगलों में ट्रेनिंग केम्प बना रखा है। जुलाई 2021 में उत्तर प्रदेश पुलिस ने अल कायदा से जुड़े आतंकी संगठन अंसार गजवत उल हिंद के 2 आतंकियों को गिरफ्तार किया था। भारत में अब AQIS का कोई बेस नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.