सुबह अम्बेडकर साहब की प्रतिमा खंडित मिली, आरोपियों की 24 घंटे में गिरफ्तारी नहीं होने पर भाजपा विधायक ने दी इस्तीफे की धमकी, बोलते-बोलते रोने लगीं नौक्षम चौधरी
एनसीआई@डीग
कामां थाना इलाके में कामां-जुरहरा रोड पर स्थित अम्बेडकर पार्क में लगी हुई अम्बेडकर साहब की प्रतिमा गुरुवार सुबह खंडित मिली। इस पर गुस्साए लोगों ने टायर जलाकर प्रदर्शन किया और रोड जाम कर दिया। मौके पर पहुंचीं कामां विधायक नौक्षम चौधरी ने पुलिस को 24 घंटे में, अर्थात शुक्रवार दोपहर 12 बजे तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर इस्तीफे की चेतावनी दे दी।
इस मामले में एएसपी सतीश यादव ने बताया- आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 4 टीमें गठित कर दी गई हैं। उनकी पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं। आसपास कहीं सीसीटीवी कैमरे नहीं हैं और न ही किसी ने आरोपियों को घटना को अंजाम देते हुए देखा है।
हंगामे को विधायक ने मौके पर पहुंच शांत कराया
गुरुवार तड़के 3 से 5 बजे के बीच असामाजिक तत्वों ने ईंट-पत्थर मारकर प्रतिमा का हाथ खंडित कर दिया। इस बात का पता चला तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। सुबह 10 बजते-बजते तो अम्बेडकर सर्किल पर जाम लग गया।
इस विरोध प्रदर्शन को देखते हुए कामां बस स्टेंड के आसपास के व्यापारियों ने दुकानें नहीं खोलीं। वहीं आक्रोशित लोगों ने टायर जलाकर कामां-जुरहरा रोड को जाम कर दिया और नारेबाजी करने लगे।

विधायक और अधिकारी मौके पर पहुंचे
सूचना मिलने पर एएसपी सतीश यादव, एसडीएम सुनील कुमार, कामां थाना और जुरहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद कामां विधायक नौक्षम चौधरी भी वहां पहुंचीं और लोगों को शांत किया। साथ ही खंडित प्रतिमा का मुआयना किया।

इसके बाद विधायक नौक्षम चौधरी ने सम्बोधित करते हुए कहा कि, समाज की बेटी होने के नाते मैं अपील करती हूं कि धैर्य से अपनी बात रखें। बाबा साहब ने ही लोकतंत्र की व्यवस्था दी। सब तरह के अधिकार दिए। उनके साथ आज 75 साल बाद ऐसा बर्ताव हो रहा है। यहां पुलिस के अधिकारी भी हैं और एसडीएम भी हैं। इस मामले में जल्द से जल्द और कठोर कार्रवाई हो। हमारे लिए आज काला दिवस है। कल (21 अगस्त) भारत बंद था। एससी-एसटी समाज ने शांति से अपनी बात रखी। इसके 24 घंटे बाद ही यह देखना पड़ रहा है।
हमारे मान-सम्मान पर वार किया गया
नौक्षम चौधरी ने कहा- मैं यहां विधायक के रूप में या भाजपा नेता के रूप में नहीं बोल रही हूं। प्रशासन 24 घंटे में कार्रवाई करे, वरना ये समाज चुप नहीं बैठेगा। मैं समाज के लिए हूं। यह कहते हुए वह आंसू पोंछने लगीं।
नौक्षम ने कहा- हमारे मान-सम्मान पर वार किया गया है। 24 घंटे में अगर प्रशासन ने साथ नहीं दिया तो आपके कहने से पहले ही इस्तीफा दे दूंगी। कल (शुक्रवार) 12 बजे तक अगर मांगें नहीं मानीं या हमें झूठा आश्वासन दे दिया तो आपको कहने की जरूरत नहीं होगी।
मैं समाज के साथ हूं। आपको दोबारा कहने की जरूरत नहीं। मजबूती से प्रशासन इस मामले को देखे। सरकार से भी निवेदन है कि इतनी बड़ी घटना हुई है। इसे संजीदा रूप से लिया जाए। समाज चाहता है कि निष्पक्ष रूप से काम किया जाए।

पार्क में लोग बैठे धरने पर
वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कुछ लोग अम्बेडकर पार्क में ही धरने पर बैठ गए। इसके चलते अम्बेडकर पार्क में पुलिस का जाब्ता तैनात कर दिया गया था।
