कोटा: नर्सिंग छात्र की तबीयत बिगड़ी, इलाज के दौरान मौत, डेंगू की आशंका, जिले में जनवरी से अब तक 178 केस
एनसीआई@कोटा
एएनएम ट्रेनिंग सेंटर की एक छात्रा की तबीयत खराब हो जाने से मौत हो गई। उसे डेंगू होने की आशंका जताई गई है। हालांकि चिकित्सा विभाग के अनुसार अभी तक उसकी रिपोर्ट नहीं मिली है।
उल्लेखनीय है कि कोटा में डेंगू के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। यह अब जानलेवा हो रहा है। छात्रा नाजिया (21) यहां के नयापुरा स्थित एएनएम ट्रेनिंग सेंटर से ट्रेनिंग कर रही थी। तीन चार दिन पहले उसे बुखार आया था। इस पर उसने कोटा में ही डॉक्टर्स से जांच करवा कर इलाज शुरू करवाया था। इसके बाद बुधवार को वह अपने गांव इटावा चली गई थी। वहां गुरुवार को उसके ड्रिप लगाई गई थी। तब ही उसकी तबीयत ज्यादा खराब हुई तो परिजन उसे इटावा अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से उसे कोटा रेफर कर दिया गया। उसे कोटा मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहीं इलाज के दौरान उसकी गुरुवार को ही मौत हो गई।
नाजिया के घरवालों के अनुसार डेंगू बुखार छात्रा के मस्तिष्क तक पहुंच गया था। इससे उसकी तबीयत अधिक बिगड़ी और मौत हो गई। इधर, उसकी मौत की जानकारी मिलने के बाद इटावा की चिकित्सा टीम ने छात्रा के घर पहुंचकर बीमारी की जानकारी ली।
चिकित्सकों ने यह बताया
वहीं, नए अस्पताल के अधीक्षक डॉ. आशुतोष शर्मा ने बताया कि नाजिया इमरजेंसी में आई थी, लेकिन उसकी पल्स व बीपी नहीं आ रहा था। वहीं सीएमएचओ डॉ. जगदीश सोनी ने बताया कि उनके पास डेंगू से मौत की कोई जानकारी नहीं आई है। मेडिकल कॉलेज से मृतका की रिपोर्ट भी नहीं आई है, लेकिन छात्रा में डेंगू जैसे लक्षण थे। कोटा जिले में डेंगू के जनवरी से अब तक 178 केस सामने आ चुके हैं।
