यूपी उपचुनाव : समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी नसीम सोलंकी के खिलाफ फतवा, शिव मंदिर में की थी पूजा, फतवे में कहा- ‘शरिया की नजर में दोषी’
एनसीआई@कानपुर
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले की सीसामऊ विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी नसीम सोलंकी ने दीपावली के दिन शिव मंदिर में पूजा अर्चना की थी। शिवलिंग को छूकर आशीर्वाद भी लिया था। उन्होंने इसके बाद दीप भी जलाए थे। इसके चलते अब नसीम के खिलाफ फतवा जारी कर दिया गया है।

ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने यह फतवा जारी किया है। मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने फतवा जारी करते हुए कहा है कि नसीम सोलंकी शरीयत की मुजरिम हैं। उन्हें तौबा करनी चाहिए और दोबारा कलमा पढ़ना चाहिए।
मौलाना ने फतवे में यह कहा
मौलाना ने कहा, “इस्लाम में मूर्ति पूजा वर्जित है। अगर कोई अपनी इच्छा से ऐसी पूजा करता है तो उस पर सख्त नियम लागू होते हैं। अगर महिला ने अनजाने में ऐसा किया है तो वह शरिया की नजर में दोषी है और उसे पश्चाताप करना चाहिए।” दरअसल, नसीम सोलंकी ने दीपावली के दिन शिव मंदिर में पूजा अर्चना की थी। इसके बाद उन्होंने दीप भी जलाए थे। शिव मंदिर में जलाभिषेक और दीप दान का वीडियो वायरल होने के बाद उन पर सवाल उठने लगे थे।
इसके बाद जैसे ही मौलाना का फतवा सामने आया, हिन्दू पक्ष ने भी प्रतिक्रिया दी। मंदिर के पुजारियों ने हरिद्वार से गंगाजल मंगवा मंदिर को धोया और शिवलिंग का शुद्धिकरण किया।
विधायकी जाने के बाद हो रहा चुनाव
गौरतलब है कि सीसामऊ विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है। इस सीट से समाजवादी पार्टी ने नसीम सोलंकी को प्रत्याशी बनाया है। इससे पहले उनके पति इरफान सोलंकी ने साल 2022 के विधानसभा चुनाव में यहां से जीत दर्ज की थी, मगर इन्हें एक मामले में 7 साल की सजा सुनाई गई। इससे उन्हें विधायक के अयोग्य घोषित कर दिया गया। इसके बाद खाली हुई सीट पर ही यह उपचुनाव हो रहा है।
कुल 9 विधानसभा सीटों पर हो रहे हैं उपचुनाव
उत्तर प्रदेश की यूं तो सीसामऊ सहित 9 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं। इसके अलावा मिल्कीपुर की सीट का मामला अदालत में होने की वजह से इसके उपचुनाव की तारीख घोषित नहीं हुई है। उत्तर प्रदेश की बाकी 9 विधानसभा सीटों पर 13 नवम्बर को उपचुनाव होंगे, जबकि नतीजे 23 नवम्बर को आएंगे।
