कांग्रेस से बागी व निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा ने एसडीएम को जड़ दिया थप्पड़, मतदान के बीच हंगामा (देखें वीडियो)
मतदान केन्द्र पर नोंकझोंक के बाद नरेश मीणा ने एसडीएम अमित चौधरी को थप्पड़ मारा। उन्होंने आरोप लगाया था कि ईवीएम में उनका सिम्बल हल्का नजर आ रहा है।
एनसीआई@टोंक
राजस्थान में टोंक जिले की देवली उनियारा सीट पर हो रहे उपचुनाव से जुड़ी बड़ी खबर आई है। यहां से चुनाव लड़ रहे निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा ने तैश में आकर मालपुरा एसडीएम अमित चौधरी को थप्पड़ जड़ दिया।इससे वहां माहौल बिगड़ गया। इस घटना के बाद मौके पर हंगामा हो गया। निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा और एसडीएम में ग्रामीणों की मांग को लेकर झड़प हो गई थी। उसके बाद नरेश मीणा ने अपना आपा खो दिया और एसडीएम को थप्पड़ दे मारा।
जानकारी के अनुसार देवली उनियारा विधानसभा क्षेत्र की कचरावता ग्राम पंचायत के समरावत गांव के ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर रखा था। ग्रामीणों का कहना था कि उनका गांव पहले उनियारा उपखंड में था, लेकिन बाद में पिछली सरकार ने उनके गांव को उनियारा से हटाकर देवली में उपखंड में शामिल कर दिया था। इससे वे नाखुश हैं। ग्रामीण लम्बे समय से मांग कर रहे थे कि उनके गांव को वापस उनियारा में शामिल किया जाए।
सफाई में यह कहा नरेश मीणा ने
थप्पड़ वाली घटना पर अपना स्पष्टीकरण देते हुए नरेश मीणा ने इसका कारण बताया कि वे 4 घंटे से धरना दे रहे हैं। गांव वालों की मांग है कि जो देवली उपखंड से उन्हें वापस उनियारा उपखंड में जोड़ा जाए। इस पर एसडीएम ने विरोध कर रहे ग्रामीणों के अगेंस्ट जाकर तीन लोगों का वोट डलवाया है। इससे ग्रामीण आक्रोशित हो गए और यह घटना घटी है।
