एसडीएम को थप्पड़ मारने से भड़की आरएएस एसोसिएशन, नरेश मीणा की तुरंत गिरफ्तारी की मांग, जाट समाज भी आक्रोशित, वहीं, मीणा का धरना जारी, गांव बना छावनी

एनसीआई@जयपुर/टोंक
देवली-उनियारा विधानसभा सीट से कांग्रेस के बागी एवं निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा के द्वारा एसडीएम अमित चौधरी को थप्पड़ मारने की घटना ने बड़ा रूप ले लिया है। इससे आरएएस एसोसिएशन आक्रोशित है। एसोसिएशन की ओर से सरकार को चेतावनी दी गई है कि मीणा की गिरफ्तारी नहीं हुई तो राज्यभर में आरएएस अधिकारी पेन डाउन हड़ताल कर देंगे। वहीं, जाट महासभा भी बुरी तरह आक्रोशित है। सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर जाट समाज के लोग जिला कलेक्ट्रेट पर जमा हो गए।
इधर, नरेश मीणा अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठे हुए हैं। उनके समर्थकों की भीड़ बढ़ती जा रही है। इससे प्रशासन भी अलर्ट मोड में आ गया है।

साढ़े तीन बजे शुरू हुई वोटिंग
नरेश मीणा ने आरोप लगाया- जबरन वोट डलवाने की जानकारी मिली तो मैं मौके पर पहुंचा। वहां मौजूद कर्मचारी ने बदतमीजी की। इसके बाद मैंने थप्पड़ मार दिया। नरेश मीणा ने धमकाया कि कोई कर्मचारी बीजेपी का एजेंट बनकर काम करेगा तो उसका यही हाल होगा। हालांकि अधिकारियों के समझाने के बाद करीब साढ़े आठ घंटे बाद दोपहर साढ़े तीन बजे वोटिंग शुरू हुई।
Related News –
छावनी में तब्दील हुआ इलाका पुलिस
दूसरी ओर टोंक एसपी ने उस समरावता गांव में भारी पुलिस फोर्स बुला ली, जहां एसडीएम अमित चौधरी को थप्पड़ मारने की घटना हुई थी। टोंक एसपी विकास सांगवान, एएसपी ब्रजेन्द्र सिंह भाटी और गीता चौधरी सहित अर्ध सैनिक बल के जवानों के साथ ही भारी पुलिस जाब्ता समरावता गांव में बुला लिया गया। इस वक्त पूरा समरावता गांव छावनी में तब्दील हो चुका है। मौके पर भारी तनाव व्याप्त है।
जाट समाज भी हुआ नाराज
मालपुरा के एसडीएम अमित चौधरी को थप्पड़ मारने की घटना से टोंक में जाट समाज बुरी तरह नाराज हो गया है। बड़ी संख्या में लोग लामबंद होने लगे हैं। नरेश मीणा के पोस्टर जलाए जा रह हैं। समाज के लोग आरोपी नरेश मीणा के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर जिला कलेक्ट्रेट पर जमा हो गए।
