पैसे नहीं दिए तो टोलकर्मियों ने पत्थर फेंके, स्कॉर्पियो पलट गई, एक की मौत, दो घायल, नए साल का जश्न मनाने जा रहे थे जैसलमेर
एनसीआई@बाड़मेर
स्कॉर्पियो जैसी लग्ज़री गाड़ी लेकर हजारों रुपए खर्च कर नए साल का जश्न मनाने जैसलमेर जा रहे थे, मगर टोल टेक्स की छोटी सी रकम चुकाए बिना फरार हो जाने की कोशिश करना युवकों को भारी पड़ गई। एक की मौत हो गई, वहीं दो अन्य घायल हो गए। इस गाड़ी में चार और युवक भी सवार थे, ये सुरक्षित बच गए। यह हादसा सोमवार शाम 4 बजे करीब जैसलमेर-बाड़मेर नेशनल हाईवे-68 पर शिव इलाके में हुआ।

थानाधिकारी दिनेश लखावत ने बताया- गुड़ामालानी पादरड़ी निवासी 7 दोस्त सोमवार को गांव से स्कार्पियो में सवार होकर चौहटन में सुईयां मेला देखने गए थे। यहां शाम को दर्शन और स्नान करके नेशनल हाईवे 68 से जैसलमेर के सम की तरफ जा रहे थे।
बिना टोल टेक्स चुकाए हुए फरार
ये लोग शिव टोल प्लाजा पर टोल टेक्स नहीं देकर रवाना हो गए। इसकी सूचना टोलकर्मियों ने अपने अन्य साथियों को दी। इसके बाद दूसरे छोर (जैसलमेर की तरफ) पर टोल प्लाजा कर्मियों ने उनकी तरफ आ रही स्कॉर्पियों के ड्राइवर की तरफ पत्थर फेंके, जिससे गाड़ी का बैलेंस बिगड़ गया और बेकाबू स्कॉर्पियो पलट गई।

इससे गाड़ी में सवार पादरड़ी निवासी कैलाश (22) पुत्र हनुमानराम की मौत हो गई। वहीं दो घायल हो गए। गंभीर घायल मुकेश (20) को जोधपुर रेफर कर दिया गया। वहीं एक अन्य घायल ओमप्रकाश का बाड़मेर हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। इनके अलावा गाड़ी में कमलेश, दिनेश समेत 2 अन्य सवार थे।
थानाधिकारी ने बताया कि- गाड़ी पर पत्थर फेंकने की बात सामने आई है। हादसे की जांच कर रहे हैं। वहीं टोल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रहे हैं। पुलिस के अनुसार कैलाश की जोधपुर में एसी और फ्रीज रिपेयरिंग की दुकान है। सुईयां मेले और नया साल बनाने के लिए दो दिन पहले ही गांव आया था। गांव से मेले गया था, जहां से जैसलमेर जाने की प्लानिंग थी।
