दसवीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र ने 4 साल की मासूम से किया दुष्कर्म, हालत गम्भीर
एनसीए@डीग
जिले के कुम्हेर थाना क्षेत्र में मंगलवार सायं 7 बजे करीब दसवीं कक्षा के एक छात्र ने 4 साल की मासूम से दुष्कर्म किया। पड़ोस में रहने वाला नाबालिग छात्र बच्ची को साइकिल पर बैठाकर ले गया था। उसके साथ दरिंदगी कर करीब एक घंटे बाद उसे रास्ते में छोड़कर फरार हो गया। बच्ची लहूलुहान हालत में अपने दादा को मिली। उसने रोते हुए परिजनों को आपबीती बताई।
बच्ची की हालत गम्भीर है। उसका भरतपुर के अस्पताल में इलाज चल रहा है। बच्ची के पिता की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। साथ ही नाबालिग आरोपी को हिरासत में भी ले लिया है।
मंदिर में बच्चों के साथ खेल रही थी
पीड़ित बच्ची के पिता ने शिकायत में बताया- 7 जनवरी को शाम करीब साढ़े पांच बजे मेरी 4 साल की बेटी पत्नी के साथ खेत पर लकड़ी लेने गई थी। लकड़ी लेकर लौटते समय बेटी गांव के मंदिर पर रुक गई। वहां गांव के बच्चों के साथ खेलने लगी। मंदिर से गांव का 15 साल का नाबालिग लड़का मेरी बेटी को साइकिल पर बैठाकर कहीं ले गया। करीब एक घंटे बाद वह बेटी को मंदिर के रास्ते पर छोड़कर चला गया। इस पर वह रोते हुए पैदल घर आ रही थी। इस दौरान रास्ते में उसके दादा मिल गए। वह बच्ची को लेकर घर आए। तब बच्ची की दादी ने उससे रोने का कारण पूछा तो उसने बताया कि पास में रहने वाले चाचा उसे कहीं ले गए और उसके साथ गलत काम किया। बच्ची के कपड़ों पर काफी खून लगा था। परिजन उसे लेकर तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। बच्ची को पीआईसी, पीआईसीयू (PICU) वार्ड में एडमिट किया गया है।
पुलिस बोली- आरोपी दसवीं का छात्र
थाना इंचार्ज बनवारी लाल मीणा ने बताया- नाबालिग के पिता की शिकायत के बाद आरोपी को डिटेन कर लिया गया है। बच्ची का मेडिकल मुआयना करवाया है। मामले की जांच चल रही है।
