पत्नी बेटे को लेकर शादी समारोह में पीहर गई, पीछे से शिक्षक पति ने फंदा लगा कर ली आत्महत्या
एनसीआई@धौलपुर
जिले के बाड़ी कस्बे के कोतवाली थाना क्षेत्र निवासी एक सरकारी शिक्षक ने गुरुवार रात अपने कमरे में फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। घटना के समय पत्नी बेटे को लेकर पीहर में आयोजित एक शादी समारोह में गई थी। शिक्षक धरोरा रोड स्थित शिव नगर कॉलोनी में रहता था।
छोटे भाई ने रात को ही शिक्षक को कमरे में फंदे से लटके देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। साथ ही छोटे भाई की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक शिक्षक के छोटे भाई कमल किशोर ने बताया कि उसके भाई गौरव कुमार शर्मा (28) ग्रेड थर्ड टीचर थे। 5 साल पहले उनकी शादी हुई थी। उनके 3 साल का बेटा है। गुरुवार रात करीब 2 बजे वह बाथरूम करने के लिए उठा तो भाई के कमरे की खिड़की से नजर पड़ी।अंदर भाई को फंदे पर लटका हुआ पाया। इस पर उसने तुरंत आसपास के लोगों को जगाया और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने बताया गृह क्लेश का मामला
कोतवाली के एसआई हरवीर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को फंदे से उतारकर अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवाया। मृतक गौरव के छोटे भाई कमल किशोर शर्मा की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार प्राथमिक जांच में यह गृह कलह का मामला लग रहा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
