पहलगाम हमले के 14 दिन बाद खड़गे ने लगा दिया बहुत बड़ा आरोप, कहा- इसीलिए पीएम ने रद्द कर दिया था अपना दौरा, हालांकि खड़गे के आरोप पर उठे सवाल
एनसीआई@नई दिल्ली
रांची में मंगलवार को कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने आरोप लगाया कि- 22 अप्रेल के पहलगाम आतंकी हमले के 3 दिन पहले पीएम मोदी के पास इंटेलिजेंस का इनपुट था। इसीलिए उन्होंने अपना कश्मीर का दौरा रद्द कर दिया था, लेकिन आम लोगों की सुरक्षा की व्यवस्था नहीं की। इस आरोप के साथ ही खुद कांग्रेस अध्यक्ष भी पार्टी के उन नेताओं में शामिल हो गए हैं जो पहलगाम आतंकी हमले के बाद से विवादास्पद वक्तव्य या अन्य प्रकार से प्रतिक्रिया देते आ रहे हैं। यह स्थिति तब है, जब हर विवादित वक्तव्य के बाद पार्टी कह देती है कि यह हमारा ऑफिशियल स्टेंड नहीं है।
खड़गे ने कहा- “मुझे पता चला है और एक अखबार में भी मैंने पढ़ा है कि 22 अप्रेल के आतंकी हमले के 3 दिन पहले पीएम मोदी के पास इंटेलिजेंस का इनपुट था। इसलिए उन्होंने अपना कश्मीर दौरा रद्द कर दिया, लेकिन आम लोगों की सुरक्षा के लिए व्यवस्था नहीं की। 26 बेगुनाह लोग मारे गए और सरकार ने माना इंटेलिजेंस फैलियर है और उसको वे सुधारेंगे। अगर उन्हें यह पता है, तो उन्होंने अच्छी व्यवस्था क्यों नहीं की।” बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद जफर इस्लाम ने खड़गे के इस आरोप पर गम्भीर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा-किसी अखबार की रिपोर्ट का हवाला देकर इतना गम्भीर आरोप लगा देना बचकाना हरकत है।
झारखंड सीएम का नाम भूले खड़गे

विधानसभा मैदान में सभा को सम्बोधित करते हुए खड़गे झारखंड सीएम का नाम भूल गए। मंच पर उनके पीछे खड़े शख्स से उन्होंने मुख्यमंत्री का नाम को पूछा, हालांकि इसके बाद भी उन्होंने यह नाम नहीं लिया।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा “11 साल से केन्द्र में मोदी की सरकार है, वो कहती है सारे राज्य एक हैं, लेकिन इसी सरकार ने हमारे झारखंड के मुख्यमंत्री को जेल भेजा और हंस रही थी। ये नहीं चलेगा।”
“मोदी साहब आदिवासी-गरीबों को जेल में डालकर डराओ मत, वो डरने वाले नहीं। हमें तो तुम्हारी चिंता है, क्योंकि सुविधा तो आपको चाहिए। हमारे लोग मेहनत मजदूरी कर के जीने वाले लोग हैं।”
मोदी की पॉलिसी है पब्लिक सेक्टर बंद करो
खड़गे ने कहा- “मोदी जी की पॉलिसी है कि पब्लिक सेक्टर बंद करो और पिछड़े वर्ग के लोगों की नौकरी छीन लो। इतनी वैकेंसी है, लेकिन सरकार नहीं भर रही, क्योंकि वो गरीबों को तंग करना चाहते हैं।”
“अन्याय के खिलाफ आवाज उठानी होगी। अगर हम एक होकर नहीं लड़ेंगे और संविधान की रक्षा नहीं करेंगे तो हमारे दिन खराब हो जाएंगे। मैंने पीएम मोदी को लेटर लिखा कि 50 प्रतिशत आरक्षण हटाओ।”
“आज जल्द से जल्द अच्छे कानून को राज्यपाल को मंजूरी देनी चाहिए। अगर आज आप लोगों की मांग को इज्जत नहीं देंगे तो कल आपको पछताना होगा।”
इन नेताओं ने भी कही यह बात
इससे पहले सभा को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस नेता अलका लाम्बा ने कहा- ‘आतंकी हमले को लेकर केन्द्र सरकार गम्भीर नहीं है। लोग आतंकी हमले से नाराज हैं, सरकार जातीय जनगणना की घोषणा कर रही है। सरकार ने सर्वदलीय बैठक में माना कि पहलगाम हमले में सुरक्षा में चूक हुई है। लेकिन उसके बाद सरकार ने क्या किया।’
कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव ने कहा- ‘कांग्रेस की ये जनसभा बीजेपी को सावधान करना चाहती है। देश के दुश्मन, संविधान को तार-तार करने वालों को सावधान करना चाहती है कि अब तेरी चालाकी नहीं चलेगी। अगर ये देश चलेगा तो संविधान के अनुसार चलेगा, कानून के अनुसार के चलेगा।’
छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा-‘साथियों हम लोग पड़ोसी हैं। छत्तीसगढ़ और झारखंड एकसाथ बना है। हमारे यहां भी जोहार का अभिवादन है, और आपके यहां भी। ‘
