स्वतंत्रता दिवस पर बीएसएनएल की सौगात: मात्र 1 रुपए में अनलिमिटेड कॉलिंग, 2 जीबी डेटा, नए फाइबर कनेक्शन पर भी भारी छूट
एनसीआई@बूंदी
सार्वजनिक क्षेत्र की दूरसंचार कम्पनी भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने मोबाइल उपभोक्ताओं के लिए एक विशेष ‘आजादी का प्लान’ पेश किया है। बीएसएनएल बूंदी के उपमहाप्रबंधक जेपी मीणा ने बताया कि यह प्लान मात्र 1 रुपए के शुल्क पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस आकर्षक प्लान के तहत, ग्राहकों को एक मुफ्त सिम कार्ड के साथ 30 दिनों की वैधता मिलेगी। इसमें किसी भी नेटवर्क पर अनलिमिटेड कॉलिंग, प्रतिदिन 2GB हाई-स्पीड डेटा और रोजाना 100 फ्री एसएमएस की सुविधा शामिल है। उन्होंने बताया कि यह योजना विशेष रूप से बीएसएनएल के नए ग्राहकों तथा मोबाइल नम्बर पोर्टेबिलिटी (MNP) के माध्यम से नेटवर्क से जुड़ने वाले उपभोक्ताओं के लिए है। कम्पनी का यह फ्रीडम ऑफर 1 अगस्त से शुरू हो गया है और इसकी अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित की गई है। उप महाप्रबंधक ने बताया कि अब उपभोक्ता मात्र 1 रुपए में महीने भर सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। इस ऑफर को एक्टिवेट करने के लिए ग्राहक ‘BSNL सेल्फ-केयर’ एप का उपयोग कर सकते हैं या अपने निकटतम ग्राहक सेवा केन्द्र (CSC) पर जा सकते हैं।
बीएसएनएल का मानसून ऑफर भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने अपने नए फाइबर इंटरनेट ग्राहकों के लिए एक आकर्षक ‘मानसून ऑफर’ की घोषणा की है। इस ऑफर के तहत, नया कनेक्शन लेने वाले ग्राहकों को बुकिंग वाले महीने में मुफ्त इंटरनेट सेवा दी जाएगी। साथ ही, मोडेम और इंस्टॉलेशन पर लगने वाला शुल्क भी 100% माफ रहेगा। उप महाप्रबंधक ने बताया कि यह ऑफर 30 सितम्बर तक उपलब्ध है। योजना के अनुसार, ग्राहकों को पहले मुफ्त महीने के बाद अगले तीन महीनों के लिए रियायती दरों पर प्लान मिलेंगे। 499 रुपए वाला ‘फाइबर बेसिक’ प्लान और 449 रुपए वाला ‘फाइबर बेसिक नियो’ प्लान, दोनों ही अगले तीन महीने तक मात्र 399 रुपए प्रति माह की दर पर उपलब्ध होंगे, जिसके बाद मूल दरें लागू होंगी। इच्छुक ग्राहक इस ऑफर का लाभ उठाने के लिए वॉट्सएप नम्बर 1800-4444 पर ‘Hi’ भेजकर या रानी जी की बावड़ी स्थित उपभोक्ता सेवा केन्द्र पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
