जिला कलेक्टर ने किया तीन दिवसीय ‘बूंदी महोत्सव 2025’ के पोस्टर का विमोचन, 8 नवम्बर को होगा शुभारम्भ, तीनों दिन होंगे आकर्षक कार्यक्रम, विदेशी पर्यटकों को जोड़ा जाएगा
एनसीआई@बूंदी
छोटी काशी के सतरंगी 31वें पर्यटन पर्व ‘बूंदी महोत्सव 2025’ के पोस्टर का विमोचन मंगलवार को जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रचार-प्रसार के माध्यम से सभी की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। पीले चावल देकर आमंत्रण की शुरुआत होगी। पोस्टर में गढ़ पैलेस व झील का मनोरम दृश्य तथा लोक कलाकारों को दर्शाया गया है।
जिला कलेक्टर गोदारा ने बताया कि तीन दिवसीय बूंदी महोत्सव का भव्य शुभारम्भ 8 नवम्बर को सुबह 8.30 पर गढ़ गणेश की पूजा- अर्चना व झंडारोहण के साथ होगा। इसके बाद कैनवास पेंटिंग वर्कशॉप के साथ ही नवल सागर से 9 बजे भव्य शोभा यात्रा। रवाना होगी। यह शोभायात्रा प्रमुख मार्गों से होते हुए पुलिस परेड ग्राउंड पहुंचेगी। यहां विदेशी पावणों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। शाम को नवल सागर झील में दीपदान के साथ भव्य आतिशबाजी होगी। सायं 7.30 पर डेजर्ट सिम्फनी में लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
अगले दिन 9 नवम्बर को सुबह 8.30 बजे गढ़ पैलेस से रानी जी की बावड़ी तक हेरिटेज वॉक निकाली जाएगी। सुख महल में 10 बजे कैनवास पेंटिंग वर्कशॉप होगी। साथ ही दोपहर 12.30 बजे विदेशी पावणों का स्वागत किया जाएगा। अपराह्न 3 बजे कुम्भा स्टेडियम में उद्योग एवं हस्तशिल्प मेले का उद्घाटन होगा। सेंड आर्ट फेस्टिवल भी आकर्षण का केन्द्र होगा। शाम को नवल सागर में भव्य आतिशबाजी के साथ 7 बजे बॉलीवुड कलाकार सलमान अली प्रस्तुति देंगे।
बूंदी महोत्सव के तीसरे व अंतिम दिन 10 नवम्बर को सुबह 10 बजे पर्यटन कार्यालय से ठीकरदा गांव तक विलेज सफारी निकाली जाएगी। यहां विदेशी पर्यटकों को गांव का भ्रमण कराया जाएगा। सुख महल में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कैनवास पेंटिंग प्रदर्शनी का आयोजन होगा। शाम को 7 बजे कुम्भा स्टेडियम में सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। इस क्रम में 8 नवम्बर को इंद्रगढ़ व तालेड़ा में, 9 को लाखेरी व नैनवां में तथा 10 नवम्बर को हिंडोली व केशवरायपाटन में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
पोस्टर विमोचन के दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर राम किशोर मीणा, पर्यटन अधिकारी प्रेम शंकर सैनी, छायाकार नारायण मंडावरा मौजूद रहे।
शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर बैठक आज
बूंदी महोत्सव 2025 के तहत आयोजित होने वाली शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर 29 अक्टूबर को शाम 4 बजे जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया जाएगा। इस बैठक में समाज अध्यक्ष, एनजीओ, गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक संस्थान सादर आमंत्रित हैं।
