April 23, 2026

News Chakra India

Never Compromise

हाईटेंशन लाइन से बस में लगी आग, इसमें रखे सिलेंडर में हुआ ब्लास्ट, 3 यात्रियों की मौत, 10 से ज्यादा झुलसे, प्रत्यक्षदर्शियों ने ड्राइवर-कंडक्टर को बताया जिम्मेदार

हाईटेंशन लाइन से बस में लगी आग, इसमें रखे सिलेंडर में हुआ ब्लास्ट, 3 यात्रियों की मौत, 10 से ज्यादा झुलसे, प्रत्यक्षदर्शियों ने ड्राइवर-कंडक्टर को बताया जिम्मेदार

एनसीआई@जयपुर

राजस्थान की राजधानी जयपुर में मंगलवार सुबह एक बस हाईटेंशन लाइन से टकरा गई। इससे बस में करंट आ जाने से इसमें आग लग गई। इस हादसे में उत्तर प्रदेश के रहने वाले 3 यात्रियों की मौत हो गई, वहीं 10 अन्य झुलस गए। दरअसल, बस के ऊपर अन्य सामानों के साथ गैस सिलेंडर भी रखे हुए थे, जिनमें से एक में विस्फोट हो जाने से यह त्रासदी बड़ी हो गई। यह घटना जयपुर शहर से करीब 50 किलोमीटर दूर मनोहरपुर इलाके में हुई।

बस में आग लगते ही आसपास के लोग व राहगीर मौके पर पहुंचे और बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस में आग लगने के बाद कई धमाके भी हुए थे। धमाकों का कारण सिलेंडर ब्लास्ट बताया जा रहा है। बस में 5 से ज्यादा सिलेंडर बताए गए हैं। इस हादसे की सूचना मिलते ही आसपास से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और बस में लगी आग बुझाने की कोशिश की, हालांकि बस पूरी तरह खत्म हो गई ‌

बस में थे उत्तर प्रदेश के 65 मजदूर

मौके पर पहुंचे जयपुर कलेक्टर जितेन्द्र सोनी ने बताया कि बस में 65 मजदूरों को टोडी स्थित ईंट भट्टे पर लाया जा रहा था। ये सभी उत्तर प्रदेश के पीलीभीत के रहने वाले हैं। यहां ईंट भट्टे पर मजदूरी के लिए ही आए थे। इसी दौरान यह हादसा हुआ। इसमें गम्भीर घायल 5 लोगों को जयपुर रेफर किया गया है। भट्टे पर पहुंचने से थोड़ी दूर पहले ही यह हादसा हो गया। इसमें नसीम (50), सहीनम (20) व एक अन्य की मौत हो गई।

एसएमएस हॉस्पिटल के डॉक्टर्स का कहना है कि बर्न यूनिट और दूसरे विभागों के डॉक्टर्स की टीम झुलसे लोगों के इलाज में जुटी हुई है। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे शाहपुरा डीटीओ ने कहा कि यह बस पहली बार राजस्थान आई थी।

यहां गौरतलब है कि देश में 15 दिनों के भीतर बस में आग लगने की यह 5 वीं घटना है। इससे पहले 14 अक्टूबर को जैसलमेर में बस में आग लगी थी। इसके बाद 24, 25 और 26 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में भी ऐसे ही हादसे हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.