तीन सगी नाबालिग बहनों ने आधी रात को 9 वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या की, कोरियाई ऑनलाइन लव गेम की लत थी
गाजियाबाद में 3 सगी नाबालिग बहनों ने रात करीब ढाई बजे 9वीं मंजिल से छलांग लगा खुदकुशी कर ली। ये तीनों बहन एक गेमिंग एप की आदी बताई जा रही हैं। तीनों ने सामूहिक सुसाइड क्यों किया ये अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
एनसीआई@गाजियाबाद
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां देर रात करीब ढाई बजे तीन सगी नाबालिग बहनों ने 9 वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। तीनों बहनों को मोबाइल पर एक कोरियाई ऑनलाइन लव गेम खेलने की लत थी। पिता ने इसे लेकर इन बहनों को डांट लगाई थी। माना जा रहा है कि इसके बाद ही तीनों लड़कियों ने यह कदम उठाया। मौके से एक सुसाइड नोट मिला है। इस पर ‘पापा हम कोरियन गेम नहीं छोड़ सकते, इसलिए हम जा रहे हैं, सॉरी’ लिखा है।
घटना टीला मोड थाना क्षेत्र के भारत सिटी सोसायटी की है। तीनों बहनों के सुसाइड के बाद इलाके में सनसनी फैली हुई है। सुसाइड करने वाली बहनों का नाम निशिका (16), प्राची (14) और पाखी (12) है।
साथ-साथ रहती थीं तीनों
बताया ये भी जा रहा है कि तीनों बहन एक साथ सभी काम किया करती थीं, जैसे नहाना, खाना, स्कूल जाना और सोना। इस प्रकार तीनों हमेशा साथ ही रहती थीं। तीनों की मौत से परिवार सदमे में है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वो समझ ही नहीं पा रहे कि आखिर उनकी बेटियों से खौफनाक कदम क्यों उठाया? इन बच्चियों के पिता के मुताबिक आत्महत्या करने से पहले ये लड़कियां उनकी मां के पास आईं और प्यार किया। साथ ही कहा हम जा रही हैं। मगर मां-बाप उनके इरादे नहीं समझ पाए। पुलिस ने इन बच्चियों के मोबाइल और एक डायरी बरामद की है। डायरी में कई चौंकाने वाली बातें लिखी हैं।
कोरियाई लव गेम के बारे में जानिए
कोरियन लव गेम एक प्रकार का ऑनलाइन गेम है। यह इंटरनेट पर चलने वाले ऐसे ऑनलाइन चैट सिस्टम का नाम है, जिसमें सामने वाला खुद को कोरियन या विदेशी लड़का-लड़की बताकर बात शुरू करता है। यह गेम ज्यादातर सोशल मीडिया और मैसेजिंग एप्स के जरिए फैलती है।
शुरुआत में सामने वाला दोस्ती और प्यार की बातें करता है। आसान-आसान टास्क दिए जाते हैं, ताकि भरोसा बन जाए। धीरे-धीरे टास्क बढ़ते जाते हैं। मानसिक दबाव बनने लगता है। कई मामलों में बात न मानने पर डराया जाता है। इससे खेलने वाला व्यक्ति तनाव में आ जाता है। उसका व्यवहार बदलने लगता है।
