3 साल की मासूम ने टॉफी समझकर विस्फोटक चबाया, जबड़ा फटा, गांव में मचा हड़कम्प
अलवर जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक मासूम बच्ची टॉफी समझकर विस्फोटक पदार्थ चबा बैठी और गम्भीर घायल हो गई। आरोप है कि स्थानीय दुकानदार ने बच्ची को सामान्य टॉफी की जगह बारूद से भरी पटाखेनुमा टॉफी दे दी। जैसे ही बच्ची ने उसे मुंह में रखा, जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे वह गम्भीर घायल हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कम्प मच गया। परिजन बच्ची को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे।
एनसीआई@अलवर
अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार को एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई। अलवर मार्ग स्थित चौकी बास गांव में मात्र तीन साल की मासूम बच्ची टॉफी समझकर विस्फोटक पदार्थ चबा बैठी, जिससे वह गम्भीर घायल हो गई। विस्फोट इतना तेज था कि बच्ची का जबड़ा और गाल बुरी तरह फट गया।
जानकारी के अनुसार, मासूम बच्ची अपनी बड़ी बहन के साथ गांव की एक किराना दुकान पर टॉफी लेने गई थी। आरोप है कि दुकानदार सुदील उर्फ काला पुत्र नत्थो ने सामान्य टॉफी की जगह बारूद से भरी पटाखेनुमा टॉफी बच्ची को दे दी। जैसे ही बच्ची ने उसे मुंह में डालकर चबाया, जोरदार धमाका हो गया और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी।

विस्फोट के बाद परिजन घबराकर बच्ची को तत्काल अलवर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसकी गम्भीर हालत को देखते हुए तुरंत ऑपरेशन किया। चिकित्सकों के अनुसार ऑपरेशन सफल रहा है और फिलहाल बच्ची खतरे से बाहर है, लेकिन चेहरे और जबड़े पर गम्भीर चोटों के निशान हैं।
परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज
इस घटना को लेकर बच्ची की चाची निकिता की रिपोर्ट पर रामगढ़ थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी दुकानदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थानाधिकारी डॉ. विजेन्द्र सिंह ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। वहीं आरोपी दुकानदार का कहना है कि बच्ची को चोट सड़क पर गिरने और कोल्डड्रिंक की कांच की बोतल लगने से आई है। हालांकि पुलिस और चिकित्सकों का कहना है कि बच्ची के जबड़े और मुंह की हालत विस्फोट की ओर स्पष्ट इशारा कर रही है, जिससे दुकानदार के दावे पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
