February 28, 2026

News Chakra India

Never Compromise

राजस्थान: शराब समझकर जहरीला केमिकल पी लिया, तीन महिलाओं सहित चार की मौत, एक महिला की हालत गम्भीर, शादी वाले घर से छुपाकर ले आए थे केमिकल की बोतलें

राजस्थान: शराब समझकर जहरीला केमिकल पी लिया, तीन महिलाओं सहित चार की मौत, एक महिला की हालत गम्भीर, शादी वाले घर से छुपाकर ले आए थे केमिकल की बोतलें

एनसीआई@भीलवाड़ा

जिले के अलोली गांव में गुरुवार रात 5 लोगों ने शराब समझकर जहरीला केमिकल पी लिया। इससे तीन महिलाओं सहित 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गम्भीर है। ये सभी मजदूर थे। ये एक शादी वाले घर से शराब की बोतलें समझकर केमिकल ले आए थे।

अलोली निवासी हरदयाल सिंह ने बताया कि 10 फरवरी को उनके परिवार में शादी थी। इसके चलते घर के बाहर खेत में पांडाल लगाया गया था। अगले दिन कुछ लोग खाना लेने घर आए और यहां साफ-सफाई की। बर्तन साफ करने के लिए केमिकल मंगवाया गया था। घर लौटते समय ये लोग इस केमिकल की कुछ बोतलें अपने साथ ले गए। आशंका है कि 12 फरवरी, गुरुवार की शाम को घर पर इनमें से कुछ लोगों ने ये केमिकल पी लिया। इससे यह हादसा हो गया।

इधर, शुक्रवार सुबह गांव में 4 लोगों की मौत की जानकारी मिलने के बाद एफएसएल की टीम सेम्पल लेने बस्ती में पहुंची। इस टीम ने वहां से केमिकल से भरी एक बोतल भी जब्त की है।

जानकारी के अनुसार इससे पहले गुरुवार शाम इन लोगों की तबीयत बिगड़ने पर पड़ोसियों ने इन्हें गंगापुर हॉस्पिटल में भर्ती कराया। वहां गुरुवार रात को ही जमनी (60) शंकर कंजर, रतन (42) पुत्र मिश्री लाल कंजर और इसकी पत्नी सुशीला (40) की मौत हो गई। वहीं, दो महिलाओं को भीलवाड़ा के हॉस्पिटल रेफर किया था। इनमें से बादामी (60) पत्नी जानकी लाल ने रास्ते में दम तोड़ दिया, जबकि सनू (22) पत्नी पप्पू लाल कंजर की हालत गम्भीर है। बस्ती में एक ही रात में हुई चार मौत के बाद से दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों की मांग है कि जल्द से जल्द इस मामले की जांच होनी चाहिए।

शादी वाले घर से लाए थे 4 बोतल, घर में छुपाई

हॉस्पिटल में भर्ती सनू उर्फ सुशीला की देवरानी सीता देवी ने इस मामले में गंगापुर थाने में रिपोर्ट दी है। इसके अनुसार ये सभी लोग शादी समारोह में बर्तनों की सफाई का काम करने गए थे। वहां से चोरी छुपे 4 प्लास्टिक की बोतलें ले आए, जिनमें पानी जैसा लिक्विड भरा हुआ था। इन बोतलों को सुशीला ने घर में छुपा दिया था। सीता देवी ने बताया कि 12 फरवरी को वे किसी काम से गंगापुर आ गई थी। इस दौरान सुशीला, बादामी, जमनी देवी और रतलाल ने शराब समझकर इसे पी लिया। वह शाम को घर लौटी तो चारों की तबीयत खराब थी और उल्टियां कर रहे थे।

वहीं, महात्मा गांधी हॉस्पिटल के डॉ. चेतन ने बताया, एक मृतक के पेट में जहरीला लिक्विड मिला है, जो शराब या कोई केमिकल भी हो सकता है। जांच में सामने आया है कि भीलवाड़ा शहर में स्थित माहेश्वरी केमिकल के यहां से ये लिक्विड आया था। घटना के बाद पुलिस इस दुकान पर पहुंची और स्टॉक देखा। इसके साथ ही यहां से केमिकल के सेम्पल भी लिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.