March 10, 2026

News Chakra India

Never Compromise

बूंदी: पत्नी के अवैध सम्बंधों और धमकियों से परेशान पति ने की आत्महत्या, जेब में मिला सुसाइड नोट, मृतक बारां जिले का निवासी

बूंदी: पत्नी के अवैध सम्बंधों और धमकियों से परेशान पति ने की आत्महत्या, जेब में मिला सुसाइड नोट, मृतक बारां जिले का निवासी

एनसीआई@बूंदी

जिले के डाबी थाना क्षेत्र के धनेश्वर में एक बंद पड़ी खदान के पास एक युवक का शव मिला। बाद मृतक की पहचान बारां जिले के अटरू थाना क्षेत्र के छजावा गांव निवासी सत्यनारायण सुमन पुत्र तोलाराम सुमन के रूप में हुई। यह वर्तमान में धनेश्वर में ही रहता था। डाबी थाना पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने के कारण एफएसएल टीम को भी सबूत लेने के लिए बुलाया।

शव के पास ही मृतक युवक की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी मिला है। शव के मुंह पर और पास में उल्टी के निशान मिले हैं। पुलिस शव को डाबी अस्पताल लेकर आई, जहां परिजनों ने इसे एक षड्यंत्र के तहत हत्या बताते हुए लिखित शिकायत दी और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की। इसके बाद शव को बूंदी जिला अस्पताल भेजा गया।

भाई ने रिपोर्ट में लगाया यह आरोप

मृतक के छोटे भाई भरत सुमन ने अपनी लिखित रिपोर्ट में बताया कि सत्यनारायण सुमन (45) डाबी में मजदूरी करता था और उसकी पत्नी रूबी व दो छोटे बच्चे भी उसके साथ रहते थे। लगभग तीन-चार महीने पहले रूबी और उनके मकान मालिक के बेटे के बीच कथित तौर पर अवैध सम्बंध बन गए थे, जिसके कारण पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होने लगे। भरत के अनुसार मकान मालिक का बेटा, उसका एक साथी और रूबी भी सत्यनारायण को जान से मारने की धमकियां दे रहे थे। इन धमकियों से परेशान होकर सत्यनारायण अपने दोनों बच्चों को लेकर अपने पैतृक गांव बारां जिले के छजावा गांव चला गया था।

भरत ने बताया कि करीब 7-8 दिन पहले रूबी और उसके भाई नवीन ने षड्यंत्र रचकर सत्यनारायण को बार-बार फोन किया और 20 हजार रुपए लेकर डाबी आने का दबाव बनाया। इसके बाद सत्यनारायण अपनी मोटरसाइकिल पर दोनों बच्चों को लेकर डाबी आ गया। कुछ दिन बाद जब उसके मोबाइल नम्बर पर सम्पर्क करने का प्रयास किया गया तो उस पर कॉल नहीं लगा। इस पर उसका भाई सोनू डाबी आया, यहां पर उसे सत्यनारायण नहीं मिला। जब रूबी से इस बारे में पूछा तो वह बेवजह गाली-गलौच करते हुए झगड़ा करने लगी। अब भाई सत्यनारायण सुमन का शव मिला है।मृतक के छोटे भाई भरत सुमन की रिपोर्ट पर डाबी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

धमकियां मिल रही थीं 

शव की तलाशी में जेब से सुसाइड नोट मिला, जिसमें पत्नी रूबी व युवराज के अनैतिक सम्बन्धों के बारे बताया गया है। पत्नी व प्रेमी द्वारा बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर स्टाम्प पेपर लिखवाने के बारे में बताया गया है। प्रेमी द्वारा लगातार जान से मारने की धमकियां देने की बात भी कही गई है। मृतक की पत्नी इससे पहले धनेश्वर रहती थी, जो किसी के साथ भाग गई थी। सत्यनारायण इसके बाद बदनामी के डर से धनेश्वर छोड़कर डाबी रहने लगा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.