February 28, 2026

News Chakra India

Never Compromise

ब्रज के ठाकुर रंग रसिया रे: संस्कृति संस्था की सखियों की अनूठी होली में खूब जमा रंग, अबीर-गुलाल से तिलक कर गुलाल भेंट किया, लड्डू होली व छड़ी होली खेली गई, जमकर झूमीं

ब्रज के ठाकुर रंग रसिया रे: संस्कृति संस्था की सखियों की  अनूठी होली में खूब जमा रंग, अबीर-गुलाल से तिलक कर  गुलाल भेंट किया, लड्डू होली व छड़ी होली खेली गई, जमकर झूमीं

एनसीआई@बूंदी

‘ब्रज के ठाकुर रंग रसिया रे’ थीम पर संस्कृति संस्था की ओर से मंगलवार को एक निजी होटल में ब्रज की पारम्परिक होली अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। संस्था की अध्यक्ष शालिनी विजय ने बताया कि कार्यक्रम निदेशक एवं प्रायोजक संगीता नुवाल, भावना नायक व प्रियंका सोलंकी ने सभी सखियों का अबीर-गुलाल से तिलक कर एवं गुलाल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।

कार्यक्रम में उर्मिला नुवाल ने भगवान श्रीकृष्ण का तथा संतोष सोनी ने राधा रानी का मनमोहक स्वरूप धारण किया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था की संरक्षक कमलेश गोयल व कोषाध्यक्ष माधवी छोड़ा ने राधा-कृष्ण का तिलक, आरती एवं पुष्प वर्षा कर के किया। इस मौके पर मौजूद सभी सदस्य फागुनी परिधानों में सुसज्जित थीं। इससे वातावरण साक्षात वृंदावन धाम सा प्रतीत हो रहा था।

दस प्रकार की होलियों की दी रोचक जानकारी

कार्यक्रम की शुरुआत में संगीता अनुमान ने ब्रज में खेली जाने वाली दस प्रकार की होलियों की रोचक जानकारी दी। इसके बाद संस्था अध्यक्ष शालिनी विजय ने ब्रज के ठाकुर एवं ब्रज की होली की परम्पराओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।

गोकुल के गोप और बरसाने की गोपियों के रूप में सखियों ने राधा-कृष्ण संग होली खेली। इसके बाद बरसाने की प्रसिद्ध लठमार होली का आकर्षक प्रदर्शन किया गया। अगले चरण में गिरिराज जी की परम्परा के अनुसार लड्डू होली का आयोजन हुआ। इसमें लड्डू प्रसाद के रूप में अर्पित कर उल्लासपूर्वक लुटाए गए। तत्पश्चात राधा-कृष्ण की युगल जोड़ी के साथ फूलों की होली खेली गई। अंत में राधा जी द्वारा छड़ी होली का मनोरंजक मंचन किया गया, जिससे पूरा वातावरण ब्रजमय हो उठा।

कार्यक्रम के दौरान एक मिनट गेम भी खेला गया। इसमें शालिनी विजय, अंजू अजमेरा व सीमा गर्ग विजेता रहीं। इन विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया।

भजनों पर उत्साह से नृत्य किया

सामूहिक फाग नृत्य में ‘आज ब्रज में होली रे रसिया’ एवं ‘रंग मत डाले रे सांवरिया’ जैसे भजनों पर सभी ने उत्साहपूर्वक नृत्य किया। इसके पश्चात सामूहिक भोज के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर सभी सदस्यों ने संकल्प लिया कि वे रासायनिक रंगों से होली नहीं खेलेंगी। केवल प्राकृतिक एवं ऑर्गेनिक गुलाल से तिलक होली मनाएंगी।

कार्यक्रम में शशि नायक, सरस्वती सोनी, मनजीत कौर, अर्चना नुवाल, रानी यादव, संतोष ओझा, राधा महेश्वरी, रुक्मणी जाजू, लीला सोमानी, कामना माथुर, बॉबी भाटिया, सरोज गुर्जर, लेखा शर्मा आदि सदस्य शामिल रहीं। सभी ने आपसी प्रेम और उल्लास के साथ ब्रजधाम की होली का आनंद लिया एवं एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं। इस प्रकार संस्कृति संस्था का ‘ब्रज के ठाकुर रंग रसिया रे’ कार्यक्रम अत्यंत सफल एवं भावपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.