April 23, 2026

News Chakra India

Never Compromise

30 साल की उम्र में ही एक्ट्रेस दिव्यांका का निधन

30 साल की उम्र में ही एक्ट्रेस दिव्यांका का निधन

एनसीआई@गाजियाबाद

एक्ट्रेस दिव्यांका सिरोही की मंगलवार देर रात गाजियाबाद स्थित घर पर अचानक तबीयत बिगड़ी। इससे वह चक्कर खाकर जमीन पर गिर पड़ीं, जिसमें उनके सिर पर गहरी चोट आई। इस पर परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुधवार सुबह गाजियाबाद में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

दिव्यांका 50 से ज्यादा हरियाणवी गानों में काम कर चुकी थीं। उन्होंने मासूम शर्मा, अमित सैनी रोहतकिया, केडी के साथ भी काम किया। उनके इंस्टाग्राम पर 1.3 मिलियन फॉलोअर्स हैं। उनके निधन पर मासूम शर्मा सहित हरियाणवी इंडस्ट्री से जुड़े कलाकारों ने दुख व्यक्त किया है। दिव्यांका सिरोही 2018 में हरियाणवी इंडस्ट्री से जुड़ी थीं।

दिव्यांका सिरोही का जन्म 19 नवंबर 1996 को बुलंदशहर में हुआ था। परिवार गाजियाबाद में रह रहा है। उन्होंने मेरठ स्थित चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से B.Com और सिक्किम से MBA किया था। फिर गुरुग्राम से B.Ed किया। दिव्यांका के दो भाई हिमांशु, दीपांशु और बहन जसमीत हैं। पिता गजेन्द्र ट्रांसपोर्टर हैं और मां अनीता हाउस वाइफ हैं।

टिक-टॉक पर वीडियो वायरल हुआ था

दिव्यांका को बचपन से ही एक्टिंग और डांसिंग का शौक रहा है। 2019 में दिवाली के दौरान, उन्होंने नीले सूट में पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा के गाने मेरी मम्मी नू पसंद नहीं तू पर परफॉर्म करते हुए एक वीडियो शूट किया। यह वीडियो बहुत वायरल हुआ और इसे लगभग 20 मिलियन व्यूज मिले थे। इसके बाद उनके टिकटॉक पर 5 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हो गए थे।

ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने हरियाणवी एक्ट्रेस और डांसर दिव्यांका सिरोही के निधन पर दुख जताया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर AICWA ने लिखा, ‘हम 30 साल की उम्र में दिव्यांका सिरोही के अचानक निधन की खबर से बेहद दुखी हैं। यह सिर्फ उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री के लिए बड़ा नुकसान है।’

पोस्ट में आगे लिखा गया, ‘दिव्यांका ने हरियाणा फिल्म इंडस्ट्री में अपनी मेहनत, टेलेंट और जुनून से खास पहचान बनाई थी। जब कोई कलाकार हमें छोड़कर जाता है, तो उसका दर्द बाकी कलाकार गहराई से महसूस करते हैं, क्योंकि एक कलाकार ही दूसरे कलाकार के संघर्ष, सपने और भावनाओं को समझ सकता है। AICWA एक गैर-सरकारी संगठन है, जो फिल्म और मनोरंजन उद्योग के कलाकारों और कामगारों के लिए काम करता है।

एसोसिएशन ने पोस्ट के अंत में लिखा, ‘इस मुश्किल समय में हम उनके परिवार और अपनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। भगवान उन्हें इस दुख को सहने की ताकत दे और दिव्यांका की आत्मा को शांति मिले। आप हमेशा याद रहेंगी। अलविदा, दिव्यांका सिरोही।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.