April 21, 2026

News Chakra India

Never Compromise

काश! फिर खबर गलत निकलती, नहीं रहे धर्मेन्द्र, 89 साल की उम्र में निधन, विले पार्ले श्मशान घाट पर हुआ अंतिम संस्कार, प्रशंसकों के दिलों में हमेशा रहेंगे जिंदा

काश! फिर खबर गलत निकलती, नहीं रहे धर्मेन्द्र, 89 साल की उम्र में निधन, विले पार्ले श्मशान घाट पर हुआ अंतिम संस्कार, प्रशंसकों के दिलों में हमेशा रहेंगे जिंदा

मशहूर अभिनेता धर्मेन्द्र का आज निधन हो गया। 89 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। मुम्बई के विले पार्ले श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। अमिताभ बच्चन, सलीम खान, सलमान खान, संजय दत्त, आमिर खान, शाहरुख खान, अभिषेक बच्चन जैसी दिग्गज फिल्मी हस्तियों सहित कई राजनेता भी इसमें शामिल हुए। कुछ दिन पहले भी धर्मेन्द्र की मौत की अफवाह उड़ी थी, मगर वह गलत निकली।

एनसीआई@मुम्बई

ही मैन के रूप में मशहूर बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेन्द्र का आज सोमवार सुबह 89 साल की उम्र में निधन हो गया। इस खबर से उनके प्रशंसकों सहित फिल्मी दुनिया में शोक की लहर दौड़ गई है। विले पार्ले श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके परिवार सहित अमिताभ बच्चन, सलीम खान, सलमान खान, आमिर खान, अभिषेक बच्चन, अक्षय कुमार, शा जैसी फिल्मी हस्तियां इस दौरान मौजूद रहीं। कुछ दिन पहले भी धर्मेन्द्र की मौत की अफवाह उड़ी थी, मगर वह गलत निकली। कुछ दिन बाद 8 दिसम्बर को ही वह 90 साल के होने वाले थे।

धर्मेन्द्र कुछ समय से उम्र सम्बंधी बीमारियों से जूझ रहे थे। 10 नवम्बर को उन्हें सांस लेने में दिक्कत आई थी, जिसके बाद उन्हें मुम्बई के ब्रीच केंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 12 नवम्बर को धर्मेन्द्र को हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया गया था और डॉक्टरों ने घर पर ही उनके आगे के इलाज की बात कही थी।

धर्मेन्द्र जुहू में देओल बंगले में रह रहे थे। उनके बेटे सनी देओल उनके साथ थे। उनकी पहली पत्नी प्रकाश और पहली शादी से हुई बेटियां भी उनके घर पर उनके आसपास थीं। एक्टर अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन मुम्बई के विले पार्ले श्मशान घाट पहुंचे। धर्मेन्द्र का जीवन स्तर हमेशा बेहद सामान्य रहा। बॉलीवुड में आसमान छू लेने के बावजूद घमंड उन्हें छू तक नहीं गया था। वह बहुत दयालु प्रकृति के, दूसरों की मदद करने वाले, बेहद जिंदादिल और संवेदनशील इंसान रहे।

एक युग का अंत- करण जौहर

फिल्म डायरेक्टर करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर धर्मेन्द्र के निधन को लेकर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, “यह एक युग का अंत है… एक बहुत बड़ा मेगा स्टार… मेनस्ट्रीम सिनेमा में एक हीरो का रूप… बहुत हेंडसम और सबसे रहस्यमयी स्क्रीन प्रेजेंस… वह इंडियन सिनेमा के एक असली लेजेंड हैं और हमेशा रहेंगे… सिनेमा के इतिहास के पन्नों में खास और शानदार तरीके से मौजूद हैं…”

300 से ज्यादा फिल्मों में किया था काम

धर्मेन्द्र हिंदी सिनेमा के सबसे सम्मानित और लोकप्रिय सितारों में से एक रहे। 7 दशकों से अधिक लम्बे करियर में उन्होंने 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया था, जिनमें फूल और पत्थर, शोले, मेरा गांव मेरा देश, सत्यकाम, अनपढ़, चुपके चुपके, सीता और गीता, प्रतिज्ञा, यादों की बारात,  धरम वीर, चाचा-भतीजा, राम बलराम, ड्रीम गर्ल, चरस, क्रोधी जैसी कई सुपरहिट फिल्में शामिल हैं। उनके डायलॉग्स आज भी खूब दोहराए जाते हैं, जिनमें शोले का  ‘बसंती इन कुत्तों के आगे मत नाचना’ खासतौर पर शामिल है।

अगले महीने रिलीज होगी आखिरी फिल्म

धर्मेन्द्र 89 साल की उम्र में भी फिल्मों में एक्टिव थे। उन्हें कुछ वक्त पहले फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ और ‘तेरी बातों… में ऐसा उलझा जिया’ में देखा गया था, जिसमें उन्होंने अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया था। वो अब अमिताभ के नाती अगस्त्य नंदा की फिल्म ‘इक्कीस’ में भी नजर आने वाले हैं। यह उनकी आखिरी फिल्म है, जो इसी साल 25 दिसम्बर को रिलीज होगी‌। अफसोस इस बात का है कि फिल्म रिलीज से कुछ दिन पहले ही धर्मेन्द्र ने इस दुनिया को छोड़ दिया। newschakraindia.com शानदार और खूबसूरत इंसान एवं अभिनेता धर्मेन्द्र जी को हार्दिक श्रद्धांजलि अर्पित करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.