बूंदी में बारातियों से भरी पिकअप पलटी, एक किशोर की मौत, दूल्हे के पिता सहित आठ घायल
बूंदी जिले के नैनवां थाना क्षेत्र के बाछोला गांव के पास शुक्रवार को बारातियों से भरी पिकअप पलटने से एक 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, वहीं दूल्हे के पिता सहित आठ बाराती घायल हो गए। इन घायलों में दो महिलाएं व चार बालक शामिल हैं।
एनसीआई@बूंदी
जिले के नैनवां थाना क्षेत्र के बाछोला गांव के पास शुक्रवार दोपहर को बारातियों से भरी पिकअप पलट जाने से एक 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। वहीं, दूल्हे के पिता सहित आठ अन्य बाराती घायल हो गए। इन घायलों में दो महिलाएं व चार बालक शामिल हैं। घायलों को मौके से 108 एम्बुलेंस से नैनवां उप जिला चिकित्सालय में पहुंचाया गया। यहां दूल्हे के पिता सहित चार घायलों की गम्भीर हालत को देखते हुए बूंदी अस्पताल रेफर रेफर कर दिया गया।
मामले के अनुसार, टोंक जिले के स्यावता गांव से गुरुवार शाम राजेश बागरिया के पुत्र की बूंदी जिले के करवर थाना क्षेत्र के काकरिया गांव बारात गई थी। गुरुवार रात को शादी सम्पन्न हो जाने के बाद शुक्रवार को बारात वापस अपने गांव लौट रही थी।

इसी दौरान बाछोला गांव के पास पिकअप अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। इससे खातीपुरा निवासी 15 वर्षीय विकास, 50 वर्षीय रामलाल, 45 वर्षीय मिंटू बाई, 48 वर्षीय मथुरा बाई, 8 वर्षीय लक्ष्मी व 10 वर्षीय सीमा, दूल्हे के पिता स्यावता, बडौली निवासी राजेश, 15 वर्षीय मेनका व 13 वर्षीय राजेश घायल हो गए। इस हादसे से मौके पर काफी चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एम्बुलेंसकर्मी रामबिलास व रामकेश बैरवा ने घायलों को नैनवां अस्पताल पहुंचाया। यहां जांच के बाद 15 वर्षीय विकास को मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में मचा कोहराम-अफरातफरी
इधर, अस्पताल में परिजनों की भीड़ उमड़ने से कोहराम मच गया। हादसे में घायल दूल्हे के पिता राजेश, मथुराबाई व रामलाल मिंटू की गम्भीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बूंदी रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि मृतक किशोर विकास के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
स्यावता गांव में तो परिवारजन दूल्हे-दुल्हन की अगवानी के लिए बारात पहुंचने का इंतजार कर रहे थे, मगर यहां बारातियों से भरी पिकअप पलटने से एक किशोर बाराती की मौत व दूल्हे के पिता सहित आठ बारातियों के घायल होने की सूचना पहुंची। इससे दूल्हा-दुल्हन की अगवानी तैयारियां धरी रह गईं व शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। परिजन व रिश्तेदार नैनवां चिकित्सालय की ओर दौड़ पड़े।
गांव से आठ किमी पहले हुआ हादसा
स्यावता से गई बारात दो वाहनों से वापस लौट रही थी। आगे चल रहे वाहन में दूल्हे व अन्य परिजन सवार थे, वहीं दूसरे वाहन पिकअप में दूल्हे के पिता सहित अन्य रिश्तेदार थे। जब स्यावता गांव आठ किमी दूर ही रह गया था, तभी पीछे चल रही बारातियों से भरी पिकअप पलट जाने से यह हादसा हो गया।
